दिल्ली-अंबाला रेलवे ट्रैक पर सेक्टर-छह के बंद रेलवे फाटक के नीचे से स्कूटी निकालने के चक्कर में दो युवकों ने उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। फाटक में स्कूटी फंस गई, जबकि युवक फाटक पर लटक गए।
आरोपी युवक इसके बाद मौके से भाग निकले। रेलवे कर्मचारियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद गेट को बदला। इस दौरान यातायात बाधित रहा। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-छह रेलवे फाटक पर तैनात गेट मैन राजेंद्र ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे फाटक को बंद किया गया था। स्कूटी पर आए दो युवकों ने फाटक के नीचे से स्कूटी निकालने का प्रयास किया।
इस दौरान स्कूटी नीचे फंस गई। युवक फाटक पर लटक गए और फाटक मुड़ गया। फाटक क्षतिग्रस्त होने के बाद गेट मेन ने युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे स्कूटी लेकर भाग निकले।
इस बारे में आरपीएफ थाना प्रभारी समेर सिंह का कहना है कि सेक्टर छह फाटक को क्षतिग्रस्त करने के मामले अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।