फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पतंजलि समेत दस कंपनियों का नकली घी बरामद

Wed, 05 Oct 2016 12:41 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ पानीपत
विज्ञापन
छापा - फोटो : अमर उजाला ब्‍यूराो
विज्ञापन
दिवाली से पहले शहर में मंगलवार को नकली घी के काले कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। सीआईए-टू, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और खाद्य विभाग ने घी की एक कंपनी के मालिक की सूचना पर गुड़ मंडी स्थित रमेश पंसारी की दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने दुकान से पतंजलि समेत दस कंपनियों का करीब डेढ़ क्विंटल नकली घी बरामद किया।
विज्ञापन


खाद्य आपूर्ति विभाग ने घी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भिजवा दिया है। सीआईए-टू ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। तीन विभाग की संयुक्त टीम की छापेमारी के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। एक कंपनी की शिकायत पर मंगलवार को सीआईए-टू पानीपत, स्वास्थ्य विभाग और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने गुड़ मंडी स्थित रमेश पंसारी की घी की दुकान में छापा मारा।

तीनों टीमों ने दुकान से पतंजलि समेत दस कंपनियों का करीब डेढ़ क्विंटल नकली घी बरामद किया है।

नकली ग्राहक भेज मिली सफलता
सीआईए-टू प्रभारी मनोज वर्मा ने बताया कि आठ मरला निवासी राजकुमार कालड़ा ने पुलिस से शिकायत की थी। उसने आरोप लगाया था कि रमेश कुमार निवासी शिवनगर की गुड़ मंडी में घी की दुकान है। रमेश कुमार घी के डिब्बों पर उसकी कंपनी हरियाणा फ्रेस का स्टीकर लगाकर बेच रहा है।
विज्ञापन


इससे उसकी कंपनी बदनाम हो रही है। सीआईए-टू ने इसकी सूचना खाद्य आपूर्ति विभाग और खाद्य विभाग को दी। तीनों टीमों ने एक फर्जी ग्राहक तैयार किया। खाद्य आपूर्ति विभाग से अधिकारी देवेंद्र मान, योगेंद्र पुनिया और खाद्य विभाग से हेल्थ ऑफिसर मुनीश कुमार शामिल रहे। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने फर्जी ग्राहक को घी खरीदने के लिए 100 रुपये दिए।

फर्जी ग्राहक ने रमेश कुमार की दुकान पर जाकर 100 रुपये का घी मांगा। दुकानदार रमेश ने जैसे ही ग्राहक को घी दिया, तभी तीनों विभागों की टीम ने छापा मार दिया। इस दौरान दुकानदार अपने घी को असली बताता रहा, लेकिन तीनों विभागों ने उसकी एक नहीं सुनी। बाद में पुलिस ने दुकानदार से सख्ती से पूछताछ की तो उसने कबूल लिया कि वह दिल्ली से नकली घी लेकर आता है।

खाद्य आपूर्ति विभाग ने दुकान से दस कंपनियों का 152 किलोग्राम नकली घी बरामद किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

इन कंपनियों का मिला नकली घी
दुकान में छापेमारी के दौरान दुकानदार ने कबूल किया कि वह दस कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर नकली घी बेचता है। विभागों को दुकान से पतंजली, अमूल, हरियाणा फ्रेस, परम कृष्णा, पारस, मिल्क फूड और मधु सूदन कंपनी के स्टीकर लगे डिब्बों में नकली घी मिला है।

दिल्ली में बनता है घी,  एक किलो पर सौ रुपये कमाई  
पूछताछ में आरोपी दुकानदार रमेश कुमार ने बताया कि वह डेढ़ साल से नकली घी का कारोबार कर रहा है। वह दिल्ली से बहुत कम दाम पर नकली घी लेकर आता है। दिल्ली में ही नकली घी के असली माफिया बैठे हैं। सीआईए-टू ने अब दिल्ली के घी माफिया के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

वह एक बार में दिल्ली से एक क्विंटल से अधिक नकली घी लेकर आता है। दिल्ली में ही घी के डिब्बों पर कंपनियों के स्टीकर लगाए जाते है। वह इस घी को 300 और 350 रुपये प्रति किलो के हिसाब से घी बेचता है। एक किलो घी की बिक्री पर 100 रुपये कमाता है।

शिकायतकर्ता की फैक्टरी पर भी पड़ चुका है छापा
पिछले वर्ष दिवाली से पहले कई विभागों की टीमों ने चौटाला रोड स्थित घी की फैक्ट्री पर रेड की थी। फैक्ट्री के मालिक राजकुमार कालड़ा निवासी आश मरला पर भी नकली घी बनाने का आरोप था। राजकुमार हरियाणा फ्रेस घी की कंपनी के मालिक हैं। छापेमारी के दौरान विभागों को फैक्ट्री से बहुत माल मिला था।

फैक्ट्री में दूध की एक बूंद भी नहीं मिली थी। इससे विभागों को फैक्ट्री के मालिक पर नकली बनाने का शक हुआ था। कई विभागों की टीम ने फैक्ट्री से छह कंपनियों का कई टन घी बरामद किया था। खाद्य आपूर्ति विभाग ने घी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे दिए थे। राजकुमार कालड़ा का दावा है कि उसके सैंपल पास हो गए थे।

नकली घी से हो सकती है यह बीमारी
ददलाना पीएचसी में तैनात एमओ डॉ. अमित दहिया ने बताया कि मिलावटी घी का सेवन शरीर के लिए खतरनाक होता है। ऐसे घी के खाने से सबसे ज्यादा किडनी और लीवर पर असर पड़ता है। मिलावटी घी के कारण भोजन सही प्रकार से नहीं पच पाता। ऐसे में पेट में संक्रमण हो सकता है। यह जानलेवा भी साबित हो सकती है।

पुलिस को एक कंपनी के मालिक ने गुड़मंडी स्थित रमेश पंसारी की दुकान पर नकली घी बेचने की शिकायत दी थी। पुलिस ने शिकायत मिलते ही डीएफएससी और खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ दुकान पर छापा मारा। तीनों विभागों की टीमों को यहां से पतंजलि समेत कई कंपनियों का डेढ़ क्विंटल घी मिला है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार रमेश को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी।
विज्ञापन

मनोज वर्मा, प्रभारी, सीआईए-वन पानीपत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें