चरखी दादरी में स्वर्णकार सेवा परिसर के पूर्व प्रधान से कार सवार बदमाशों ने मंगलवार देर शाम लाखों के गहनों सहित हजारों की नकदी लूट ली। कार सवारों ने पीड़ित के घर के सामने ही वारदात को अंजाम दिया। वहीं बैग छीनने से पूर्व लुटेरों ने सर पर भी रॉड से हमला बोल दिया। घटना को अंजाम देकर लुटेरे बाजार के रास्ते ही फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत सिटी थाने में दर्ज करवाई है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में स्वर्णकार सेवा परिसर के पूर्व प्रधान रामबिलास वर्मा ने बताया कि उसके बेटे संजय की पुराने बस स्टैंड के समीप संजय ज्वैलर्स के नाम से शॉप है। जबकि उसका घर भी समीप स्थित मंगल मार्केट में है। हर रोज की भांति मंगलवार शाम वह स्कूटी पर अपने पोते मानक सहित दुकान का सामान लेकर घर जा रहा था। अभी वह घर के समीप ही पहुंचे थे कि इसी दौरान पीछे से रिट्ज गाड़ी ने उन्हें ओवरटेक करते हुए स्कूटी के आगे गाड़ी अड़ा दी। वो कुछ समझ पाते इससे पहले ही रिट्ज सवार तीन युवक उतरे और रामबिलास के हाथ से बैग छीनने लगे। इस दौरान जब रामबिलास ने बैग नहीं छोड़ा तो उनमें से एक युवक ने उसके सर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और कार सवार लुटेरे उसके हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। रामबिलास ने बताया कि बैग में करीब 800 ग्राम सोना व 80 हजार कैश, दुकान की चाबियां व दुकान संबंधित सारा रिकॉर्ड था। पीड़ित रामबिलास ने बताया कि घटना में उसे करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बाद उसके पोते ने भागकर मामले की सूचना अन्य परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और रामबिलास को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। इधर, मामले की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस ने भी शहर में नाकेबंदी कर दी। खबर लिखे जाने तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया था। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी एक दफा उनसे पिस्तौल के बल पर ढाई लाख की नगदी और गाड़ी छीनने की घटना हो चुकी है।
पुलिस के पास शिकायत आई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लूट कितने की है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए है। जल्द ही आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।
भूदेव सिंह, सिटी थाना प्रभारी