फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

मां को पहले बुआ के यहां ले गया, फिर गन्ने के खेत में घोंट दिया गला

Wed, 18 Jan 2017 12:15 AM IST
amar ujala beuro panipat
खंड बापौली के गांव खोजकीपुर गांव में गांव शादीपुर, यमुनानगर निवासी एक युवक ने अपनी मां की गन्ने के खेत में मफलर से गला घोंटकर हत्या कर दी। महिला के मरने से पहले चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने हत्यारोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी अपनी बुआ के घर आया हुआ था। बापौली थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या के कारणों को स्पष्ट नहीं कर रही है।

गांव शादीपुरा यमुनानगर निवासी नफीसा (50) फैक्ट्री में काम कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रही थी। सोमवार को नफीसा का छोटा बेटा आसिफ सुबह 11 बजे फैक्ट्री से अपनी मां को लेकर बाइक पर गांव खोजकीपुर में अपनी बुआ आसमां से मिलने पहुंचा। बुआ का हालचाल जानने के बाद शाम करीब पांच बजे मां-बेटा बाइक पर वापस घर के लिए रवाना हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, गांव से बाहर निकलने पर आसिफ बहाने से अपनी मां को गन्ने के खेत में ले गया। आरोप है कि वहां उसने अपने मफलर से अपनी मां की गला घोंट हत्या कर दी। महिला की हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह रखवाया और परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
महिला की चीख सुन पहुंचे ग्रामीण
आसिफ खेत में अपनी मां की गला घोंटकर हत्या कर रहा था। बेबस मां ने अपने कलयुगी बेटे से बचने के लिए भरसक प्रयास किए। वह अपने बचाव के लिए खूब चिल्लाई। उसकी चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कलयुगी बेटा अपनी मां की हत्या कर चुका था। ग्रामीणों ने हत्यारोपी को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, पुलिस अभी मामले में चुप्पी साधे हुए है।

प्री-प्लांड था मर्डर
आसिफ ने जिस प्रकार अपनी मां को मौत के घाट उतारा है, उसे देखते हुए लगता है कि वह पहले से ही अपनी मां की हत्या करने की योजना बना चुका था। अपनी बुआ के घर मां के साथ आना भी उसी प्लान का हिस्सा रहा होगा। वह अपनी योजना में पूरी तरह सफल नहीं हो सका। फरार होने से पहले ही ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया।

करीब 12 साल से पति से अलग रह रही थी नफीसा
नफीसा के भाई गांव लापरा यमुनानगर निवासी जरीन ने बताया कि नफीसा की शादी गांव नंगला राई, कैराना यूपी निवासी परवेज के साथ हुई थी। परवेज जन्म से ही गूंगा था और करीब चार साल पहले उसको अधरंग मार गया था। उसकी बहन करीब 12 साल पहले किन्हीं कारणों के चलते पति को छोड़ अपने चार बच्चों समेत मायके आ गई थी। यहीं पर वह मेहनत मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। लापरा से करीब सात किलोमीटर की दूर स्थित गांव शादीपुर में उसकी बहन ने जमीन खरीद कर अपना घर बनाया और बच्चों के साथ वहीं रहने लग गई थी। नफीसा ने कठोर परिश्रम कर बच्चों को अपने पैरों पर खड़ा किया।

दो माह पहले ही हुई थी आसिफ की शादी
आसिफ के मामा जरीन ने बताया कि आसिफ तीन भाइयों में सबसे छोटा है। उसकी शादी करीब दो माह पहले हुई थी। उन्होंने असिफ के अपनी मां की हत्या के कारणों पर अनभिज्ञता जताई। कहा कि पहले कभी मां-बेटे की किसी बात को लेकर बहस भी नहीं हुई। आसिफ की शादी के बाद उसकी पत्नी और नफीसा के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। संभावना जताई जा रही है कि कहीं पत्नी की बातों में आकर ही आसिफ ने इस वारदात को अंजाम न दिया हो।

सीमा विवाद बना कारण
हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा एक बार पुलिस के लिए सिरदर्द बनकर रहा गया। बताया जाता है कि सोमवार करीब साढ़े छह बजे खोजकीपुर के पूर्व सरपंच ईलम सिंह के ईंख के खेत में शव पड़ा होने की जानकारी लोगों को हुई। यूपी सीमा के साथ लगने के चलते सूचना मिलने के बाद यूपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। यूपी की छपरौली पुलिस ने शव को उठवाने से पहले एरिया का मुआयना किया। हरियाणा के खेत लगने के बाद मामले की सूचना बापौली पुलिस को मिली। सूचना मिलने के बाद हरियाणा पुलिस ने रात करीब साढ़े दस बजे शव को कब्जे में लिया।

 
गांव खोजकीपुर के खेत में महिला की गला घोंटकर हत्या की गई है। आरोप है कि महिला की हत्या उसके छोटे बेटे आसिफ ने की है। पुलिस ने महिला के बड़े बेटे रिजवान की शिकायत पर आसिफ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्यारोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

नरेंद्र सिंह, प्रभारी, थाना बापौली
Next
AU ऐप में पढ़ें