मंडावली इलाके में गत वर्ष 16 दिसंबर को नौकरी पर रखे जाने के दूसरे ही दिन नेपाली नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर 35 लाख रुपये के जेवरात और कैश पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने एक माह के भीतर आरोपी को लखीमपुर खीरी, यूपी से दबोच लिया।
इसकी पहचान नेपाल निवासी दीपक उर्फ शंकर भुल (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से उड़ाया गया लाखों रुपये का माल भी बरामद कर लिया है। पुलिस को इसके कुछ अन्य साथियों की तलाश है। मंडावली थाना पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त ओमवीर सिंह ने बताया कि 16 दिसंबर 2016 को एकता गार्डन, आईपी एक्सटेंशन निवासी राकेश अग्रवाल ने मंडावली थाने में घर में चोरी की शिकायत दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीडीआर खंगाले। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी विपिन और मित्रगिरी नामक नेपाली के संपर्क में था।
पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि आरोपी माल समेटकर फरार हो गया। पुलिस ने दीपक की तलाश में मेरठ, पहाड़गंज, करोलबाग, सदर बाजार, महिपालपुर, गुरुग्राम और लखीमपुर खीरी में छापेमारी की। बाद में उसे माल के साथ लखीमपुर से दबोच लिया गया। आरोपी ने बताया कि वह भारत नामक आरोपी के साथ नेपाल से दिल्ली आया था। यहां उमेश नामक नेपाली ने उसकी नौकरी राकेश अग्रवाल के यहां दिलवा दी थी।