हरियाणा के पानीपत में जेल में बंदी के पास सिम कार्ड पहुंचाने के आरोपी जेल वार्डन सरजीत निवासी सदलपुर, हिसार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जेल में बंदी के पास सिम कार्ड पहुंचाने की बात कबूल की है। आरोपी ने बंदी तक सिम पहुंचाने के पांच हजार रुपये लिए थे। वह सिम कार्ड को घड़ी में छिपाकर ले गया था। पुलिस ने दो दिन के रिमांड के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार सितंबर 2022 में पानीपत जिला जेल की डीएसपी गीता रानी ने जेल में चेकिंग के दौरान जमीन में सिम सहित एक मोबाइल फोन दबा पकड़ा था। इस पर सेक्टर-29 थाने की पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया था।
उन्होंने शिकायत में बताया था कि 29 सितंबर को दोपहर एक बजे दीपक हुड्डा डीएसपी जेल के नेतृत्व में जेल गार्द द्वारा सुरक्षा वार्ड नंबर-दो की तलाशी करवाई गई। तलाशी के दौरान चक्कियों के सामने बाहरी एरिया में जमीन में एक काले रंग का सैमसंग मोबाइल फोन सिम सहित दबा मिला। फोन पर आईएमईआई नंबर अंकित नहीं है।
पुलिस ने साइबर सेल के जरिये जानकारी जुटाई तो सिम कार्ड कवी गांव निवासी भगत सिंह के नाम रजिस्टर्ड मिला। पुलिस ने भगत सिंह को गत अप्रैल में गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने अपने गांव दिवाना निवासी बंटी उर्फ रवि के साथ मिलकर जेल में सिम पहुंचाने की वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया था।
पूछताछ में आरोपी भगत सिंह ने बताया था कि वह थाना मतलौडा में दर्ज हत्या के एक मामले में पानीपत जेल में बंद था। इसी दौरान स्नेचिंग के मामले में जेल में बंद दिवाना गांव निवासी भोला के साथ उसकी दोस्ती हो गई थी। जुलाई 2022 में वह जेल से बेल पर बाहर आ गया था। भोला ने उसे जेल में एक सिम पहुंचाने के लिए सिम कार्ड चाचा के लड़के बंटी उर्फ रवि को देने के लिए कहा था। उसने अपनी आईडी पर सिम कार्ड लेकर भोला के चचेरे भाई बंटी को दिया था।
पांच हजार रुपये का दिया था लालच
आरोपी बंटी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि भाई भोला के कहे अनुसार पांच हजार रुपये व भगत सिंह से लिया सिम कार्ड वह जेल के बाहर मिले एक युवक को देकर आया था। युवक ने सिम कार्ड जेल के अंदर भोला के पास पहुंचाया था। गत दिनों बंदी भोला को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की गई तो उसने जेल वार्डन सरजीत को पांच हजार रुपये का लालच देकर बाहर से सिम कार्ड जेल के अंदर मंगवाने का खुलासा किया था। पुलिस ने जेल वार्डन सरजीत को गिरफ्तार कर लिया है।