सीआईए-टू ने वीरवार को सेक्टर 29 स्थित फ्लोरा चौक के पास से एक युवक को कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ मेें राज्यभर में आधा दर्जन लूट और चोरी की वारदातों को खुलासा हुआ है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीआईए-टू यूनिट ने संदीप निवासी गांव मच्छरौली को फ्लोरा चौक, सेक्टर-29 से गिरफ्तार किया है। सीआईए-टू प्रभारी मनोज वर्मा ने बताया कि उनकी टीम बुधवार को सेक्टर-29 में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को रुकने का इशारा किया।
इस पर वह भागने लगा तो टीम ने उसे पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपनी पहचान मच्छरौली गांव निवासी संदीप के रूप में बताई। आरोपी संदीप को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की कोशिश की जाएगी।
आरोपी के बाकी साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
आरोपी संदीप ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने चार माह पहले अपने दो साथियों के साथ मिलकर पिस्तौल के बल पर मित्तल मेगा मॉल के पास से एक स्विफ्ट डिजायर कार लूटी थी। मामले में थाना चांदनी बाग में मुकदमा दर्ज है।
तीन माह पहले उसने अपने साथियों के साथ मिलकर भिवानी बस स्टैंड के पास से एक व्यक्ति से पिस्तौल के बल पर 12 हजार रुपये लूटे थे।
तीन माह पहले ही साथियों के साथ मिलकर सोनीपत के सेक्टर तीन से होंडा सिटी कार चोरी की थी।
ढाई माह पहले रोहतक के राजीव गांधी स्टेडियम के बाहर से एक ऑल्टो कार चोरी की थी।
तीन माह पहले तीन साथियों के साथ करनाल जेल के पास से एक कार चोरी की थी। करनाल पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज है।
आरोपी संदीप निवासी गांव मच्छरौली को सेक्टर-29 के फ्लोरा चौक से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने राज्य भर में आधा दर्जन वारदातें करना कबूल किया है। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की कोशिश की जाएगी।
मनोज वर्मा, प्रभारी सीआईए-टू पानीपत।