आजाद नगर में दूल्हा बदलने के बाद मामले में पुलिस को आरोपी बिचौलिये ने तेवर दिखा दिए हैं। आरोपी बिचौलिया दो दिन बाद भी पुलिस की जांच में शामिल नहीं हुआ। पुलिस ने उससे संपर्क किया तो उसने दो टूक जवाब दे दिया कि वह एक राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ही जांच में शामिल होगा।
कहा कि उनका रविवार को लुधियाना में कार्यक्रम है। इसके बाद ही वह पुलिस जांच में शामिल होगा। दूसरी तरफ पुलिस ने दो दिन तक पूछताछ करने के बाद दूल्हे और उसके परिवार को 200 रुपये किराया देकर छोड़ दिया। दो दिन पहले आजाद नगर में दूल्हा बदलने की घटना हुई थी।
पुलिस ने दो दिन तक पूछताछ के बाद दूल्हे छोटन कुमार निवासी फरीदाबाद को शुक्रवार को छोड़ दिया। पुलिस जांच में छोटन कुमार को निर्दोष और बिचौलिये की साजिश का शिकार पाया गया। पुलिस को छोटनकुमार को फरीदाबाद जाने के लिए 200 रुपये किराया और खाने के पैसे भी दिए।
छोटन ने बताया कि बुधवार को जब वह बारात लेकर पानीपत के लिए चला था, तो उसकी जेब में मात्र 40 रुपये थे। उन्होंने इन पैसों की रास्ते में चाय पी ली। अब उसके पास एक रुपया भी नहीं है। पूरे मामले के मुख्य आरोपी बिचौलिये ने फिलहाल आठ मरला पुलिस से जांच में शामिल होने के लिए मना कर दिया है।
उसने ने पुलिस से कहा कि वह पूरे मामले में निर्दोष है। रविवार को लुधियाना में एक पार्टी का कार्यक्रम है। वह उसमें शामिल होने के बाद पानीपत पुलिस चौकी में आ जाएगा। उस पार्टी के अध्यक्ष का नाम लेने के बाद पुलिस भी नरम पड़ गई है। पुलिस ने भी आरोपी बिचौलिया को जांच में शामिल होने के सोमवार का वक्त दे दिया है।
वधू पक्ष के लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
यह है मामला
आजाद नगर निवासी बाबूलाल की बेटी की बुधवार को शादी थी। बाबूलाल ने अपनी बेटी का रिश्ता लुधियाना के चंदू नाम के युवक से किया था, लेकिन बुधवार को बारात लेकर फरीदाबाद का छोटनकुमार पहुंच गया।
दूल्हा बदलने की सूचना पर वधू पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके परिजनों को बंधक बना लिया। लुधियाना निवासी बिचौलिया इस बीच भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे छोटनकुमार और उसके परिजनों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था।
दूल्हे बदलने के बाद मामले की जांच अब तक पूरी नहीं हो पाई है। पुलिस ने दो दिन तक पूछताछ करने के बाद छोटनकुमार और उसके परिजनों को छोड़ दिया है। छोटनकुमार निर्दोष मिला है। मुख्य आरोपी बिचौलिये अनिल तिवारी ने फिलहाल जांच में यह कहकर शामिल होने से मना कर दिया कि वह रविवार को एक पार्टी के अध्यक्ष के कार्यक्रम में शामिल होगा। इसके बाद वह जांच में शामिल होगा।
रामरत्तन शर्मा, प्रभारी आठ मरला पुलिस चौकी