गुड़गांव से गोहाना सत्संग भवन में किराए पर लाई स्विफ्ट डिजायर के चालक को गाड़ी समेत अगवा कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्यारे गाड़ी और शव को कुराना गांव में अहर चौक के पास छोड़कर भाग गए। गाड़ी की लोकेशन का पता जीपीएस सिस्टम से लगा। हमलावरों ने ड्राइवर के माथे में गोली मारी है। प्राथमिक जांच में हत्या के साथ लूट का आशंका जताई जा रही है। डीएसपी और एसएचओ ने मौका मुआयना कर शव को शवगृह में रखवा दिया है।
राहगीरों ने मामला मंगलवार देर रात अहर चौक के नजदीक कुराना गांव के पास में एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को खड़ा देखा। उन्होंने लावारिस गाड़ी की सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर जांच की तो गाड़ी की पिछली सीट पर शव मिला। इसकी सूचना मिलते ही डीएसपी बली सिंह और एसएचओ मतलौडा धर्मपाल मौके पर पहुंच गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि युवक के माथे में गोली मारी गई थी। पुलिस ने शव की शिनाख्त उत्तराखंड के अल्मोड़ा के रहने वाले प्रदीप के रूप में की। उधर, गोहाना पुलिस ने भी जीपीएस सिस्टम के आधार पर गाड़ी की लोकेशन का पता लगाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी स्विफ्ट डिजायर गाड़ी पर उत्तराखंड के अल्मोड़ा का प्रदीप चालक था। वह मंगलवार को गोहाना स्थित रामशरण आश्रम के लिए गुड़गांव से बुकिंग पर आया था।
इसमें दो महिला और एक पुरुष आए थे। बुकिंग करने वालों के अनुसार वे ड्राइवर को गाड़ी समेत बाहर छोड़कर अंदर चले गए। वे सत्संग के बाद बाहर आए तो उनको ड्राइवर नहीं मिला। उन्होंने उसको फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। उसने इसके बाद ड्राइवर प्रदीप को फोन किया, लेकिन उसका फोन नहीं मिल पा रहा था। उसने जीपीएस से गाड़ी की लोकेशन निकलवाई और गोहाना एसएचओ को इस बारे में जानकारी दी।
पुलिस को कुराना गांव में अहर चौक के पास एक युवक का शव कार में बरामद किया है। आरोपियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर रखी है। शव को शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई करेगी।
धर्मपाल, प्रभारी, थाना मतलौडा।