नगर निगम ने मॉडल टाउन की करीब सवा तीन करोड़ की लागत से 20 दिन पहले बनी सड़क खोद दी। मॉडल टाउन के रिंग रोड पर परुथी चौक के पास एक राइस मिल मालिक ने बिजली कनेक्शन की केबल अंडर ग्राउंड लाने के लिए सड़क को खुदवा दिया। नगर निगम के अधिकारियों ने सूचना मिलते ही काम रुकवा दिया। निगम अधिकारियों ने राइस मिल मालिक और बिजली निगम को नोटिस देने का फैसला लिया है।
मॉडल टाउन में रविवार देर शाम को कुछ लोगों ने रिंग रोड की परुथी चौक स्थित सड़क की खुदाई शुरू कर दी। जागरूक लोगों ने नई सड़क की खुदाई का कारण पूछा और नगर निगम अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इस पर नगर निगम का एक जेई मौके पर पहुंचा और काम रुकवा दिया। अधिकारियों के अनुसार गोहाना रोड स्थित एक राइस मिल का मालिक घर में बिजली कनेक्शन कराने के लिए केबल ेको दबवा रहा था। बताया जा रहा है कि बिजली निगम ने उनके घर बाहर खंबा लगाने को नियमों से बाहर बताया। साथ ही अंडरग्राउंड केबल की सलाह दी।
मॉडल टाउन में हाल ही में करीब सवा तीन करोड़ की लागत से सड़कों का निर्माण कराया गया है। रविवार शाम को मॉडल टाउन में एक सड़क की खुदाई करने की जानकारी मिली थी। जेई ने मौका देख लिया है। संबंधित व्यक्ति और बिजली निगम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा और सड़क मरम्मत का हर्जाना डाला जाएगा।
एसडी वशिष्ठ, एसई, नगर निगम पानीपत।