जिले के गांव डाहर में घरेलू कलह के चलते पति-पत्नी ने बंद कमरे में जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। दोनों की मौत के बाद भरा-पूरा परिवार उजड़ गया। महिला को पहले पति की मौत के बाद उसके छोटे भाई से ब्याहा गया था। उसे पहले पति से एक लड़का एवं एक लड़की है।
मामला थाना इसराना के अंतर्गत गांव डाहर का है। गांव डाहर निवासी देवेंद्र (32) और उसकी पत्नी जसविंद्र (37) ने बुधवार रात को घर पर अपने कमरे में जहरीला पदार्थ निगल लिया।
दोनों को कमरे में बेसुध पड़ा देख पिता बलवान ने पड़ोसियों को घटना की सूचना दी। परिजन दोनों को निजी अस्पताल ले गए। वहां करीब 12 बजे दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने वीरवार को परिजनों के बयान दर्ज कर शवों का पोस्टमार्र्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए।
पहले पति की हो गई थी मौत
गांव बला, करनाल निवासी हुकम चंद की छोटी बेटी जसविंद्र की शादी 1999 में गांव डाहर के नरेंद्र से हुई थी। नरेंद्र की 2012 में बीमारी के कारण मौत हो गई। बाद में ग्रामीणों ने पंचायती तौर पर जसविंद्र की शादी (लता औढ़ाना) नरेंद्र के छोटे भाई देवेंद्र से कर दी।
देवेंद्र रिफाइनरी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप काम करता था। जसविंद्र का एक 15 साल का बेटा योगेश और 12 साल की बेटी पिंकी है। योगेश कक्षा दस और पिंकी कक्षा सात की छात्रा है। घटना के वक्त योगेश गांव के स्टेडियम में खेलने के लिए गया था, जबकि पिंकी ताऊ के घर गई हुई थी। बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से कलह चल रहा था। इसी से तंग आकर दोनों ने जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी।
भाई बोला नहीं बताया दुखड़ा
बल्ला गांव निवासी मृतका के बड़े भाई मेवासिंह ने बताया कि वह बुधवार को बहन जसविंद्र को संक्रांति देने के लिए गया था। बहन जसविंद्र से पूछने पर उसने सब ठीक ठाक होने की बात कही, जिसके बाद वह छोटी बहन के पास गांव जौरासी चला लगा। उनको देर रात को दोनों के जहर निगलने के बाद में सूचना मिली। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गांव डाहर में देवेंद्र और उसकी पत्नी जसविंद्र ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण आपसी कलह है। पुलिस ने मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई है। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामेहर सिंह, अतिरिक्त थाना प्रभारी इसराना पानीपत।