पानीपत। जिले में फैले शराब के गोरखधंधे के मद्देनजर आबकारी एवं कराधान विभाग ने कलेक्टर को पत्र लिख एक एक्सपर्ट की मांग की है। एक्सपर्ट इंस्पेक्टर के अनुभव के सहारे आबकारी एवं कराधान विभाग अपनी नैया पार लगाने की कोशिश कर रहा है।
सेक्टर 29 से डेढ़ करोड़ की अवैध शराब और हरिनगर से नकली शराब की फैक्टरी का भंडाफोड़ होने के बाद विभाग ने यह कदम उठाया है। आबकारी एवं कराधान विभाग की मांग पर कलेक्टर ने करनाल से एक एक्सपर्ट इंस्पेक्टर को चार माह के लिए पानीपत नियुक्त किया है।
जिले में शराब के अवैध धंधे पर नकेल कसने के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग ने इंस्पेक्टर सुभाष कौशिक को चार माह के लिए पानीपत नियुक्त किया है। इंस्पेक्टर सुभाष कौशिक पर जिले के सभी शराब के अवैध धंधों की पहचान करने की जिम्मेदारी है।
विभाग ने यह फैसला दो जुलाई को सेक्टर-29 से अवैध शराब के मामले और हरिनगर से नकली शराब की फैक्टरी के भंडाफोड़ के बाद लिया। इंस्पेक्टर सुभाष कौशिक ने पानीपत में चार्ज संभालते ही सेक्टर 25 स्थित देसी शराब के एल-13 पर छापा मारकर नकली होलोग्राम लगी 298 पेटी शराब पकड़ी थी।
शराब की गहनता से जानकारी रखते है एक्सपर्ट
आबकारी एवं कराधान विभाग के एक्सपर्ट को शराब के धंधे की गहनता से जानकारी होती है। एक्सपर्ट शराब की बोतल को देखकर ही बता सकता है कि शराब असली है कि नकली। बोतल पर लगने वाले स्टीकर, होलोग्राम, सील, डिजिट और बोतलों के ढक्कनों पर बने लेयर की एक्सपर्ट को पूरी जानकारी होती है।
देसी शराब के ठेकों पर बिक रही अंग्रेजी शराब
जिले के गांवों में स्थित देसी शराब के ठेकों पर अंग्रेजी शराब भी धड़ल्ले से बिक रही है। इन ठेकों पर अंकुश लगाना विभाग की सबसे बड़ी चुनौती है। एक्सपर्ट ने शहर में विभिन्न ठेकों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। विभाग शहर में ठोस कार्रवाई की योजना बना रहा है।
वर्जन ::::::
पानीपत से लगातार अवैध शराब के मामले सामने आ रहे थे। जिले में अवैध शराब के धंधे पर अंकुश लगाने के लिए एक्सपर्ट इंस्पेक्टर सुभाष कौशिक को पानीपत बुलाया गया है। चार माह तक एक्सपर्ट इंस्पेक्टर पानीपत में ही अपनी सेवाएं देंगे। अवैध शराब के धंधे के खिलाफ आबकारी एवं कराधान विभाग एक्सपर्ट की देखरेख में बड़ा आपरेशन चला रहा है।
एनके ग्रेवाल, डीईटी पानीपत।