बिजली विजिलेंस और बिजली निगम के अधिकारियों की टीम उरलाना कलां के डेरों में बिजली चोरी पकड़ने गई थी। वहां दीवार फांदकर डेरों में चोरी पकड़ने लगी। इस दौरान डेरा मालिकों ने निगम की टीम के कर्मियों को लुटेरे समझकर बांध कर धुन दिया। डेरा मालिकों ने बाद में पुलिस को गिरोह के पकड़े जाने की सूचना भी दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो निगम के अधिकारी निकले। थाना मतलौडा पुलिस ने अब चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बिजली विजिलेंस और मतलौडा सब डिविजन की टीम बुधवार रात को उरलाना कलां गांव स्थित डेरे ढाणियों में बिजली चोरी पकड़ने गई थी। निगम की टीम करीब 11 बजे डेरों में पहुंची। निगम कर्मी रंगे हाथ चोरी पकड़ने के लिए दीवार फांदकर काबुल धारीवाल के डेरे में दाखिल हो गए। बताया जा रहा है कि वहां लोगों ने निगम की टीम को लुटेरे गिरोह के सदस्य समझकर दबोच लिया। परिवार के लोग हथियार ले आए। उन्होंने निगम की टीम को डेरे में बंधक बना कर पीटना शुरू कर दिया। परिवार के लोगों ने कुछ देर बाद पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि कुछ लोग खुद को विजिलेंस कर्मी बता रहे हैं और उनके डेरों में कूद आए हैं। मतलौडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक कर्मियों को मुक्त कराया। मतलौडा सब डिविजन एसडीओ प्रदीप बूरा ने पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने सिंगारा, ठाकुर बोहड़ी, लालू और दलेल पर हमला करने का आरोप लगाया है। थाना मतलौडा पुलिस ने चारों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और बंधक बनाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मतलौडा थाना प्रभारी धर्मबीर खर्ब ने बताया कि कुछ लोगों ने बिजली निगम की टीम को बंधक बनाकर मारपीट की है। पुलिस ने इसमें सिंगरा, ठाकुर बोहड़ी, लालू, दलेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।