नौकरी दिलाने के नाम पर सौ महिलाओं हजारों रुपये से ठगे
अमर उजाला ब्यूरो
मतलौडा। नोएडा की एक कंपनी में खिलौना पैकिंग करने की नौकरी देने के बहाने करीब 100 महिलाओं से 600 रुपये प्रति महिला के हिसाब से 60 हजार रुयपे हड़प लिए, इस संबंध में मतलौडा पुलिस ने एक महिला समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता कमलेश वासी रेरकला ने बताया कि एक साल पहले राणो वासी जूंडला करनाल व रणवीर शर्मा वासी पानीपत ने उनको पांच हजार रुपये हर महीने तनख्वाह देने का लालच दिया था। उन्होंने कहा कि नोएडा की कंपनी है, जिसमें उन्हें काम करने वाली करीब सौ महिलाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नौकरी के लिए एक आईडी व रजिस्ट्रेशन के लिए 600 रुपये प्रति महिला के हिसाब से देने होंगे। जिसके बाद कमलेश व रामप्यारी ने उन्हें करीब सौ महिलाओं के नाम लिखवा दिए। कई महीने बीत जाने के बाद दोनों पक्षों में पैसे वापिस देने को लेकर कहासुनी हुई तो आरोपियों ने उन्हें 36 हजार रुपये और 24 हजार रुपये के दो चेक पिछले साल अगस्त के दौरान दिए थे। लेकिन दोनो चेक बाउंस हो गए। इसके बाद पैसे देने के लिए बार-बार समय दिया जाने लगा, लेकिन आरोपियों ने पैसे नहीं दिए तो कमलेश के ब्यान पर मतलौडा पुलिस ने राणो वासी जूंडला करनाल व रणवीर वासी पानीपत के खिलाफ साजिश के तहत धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।