अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। ट्रांसफार्मर पर तार ठीक करने चढ़े हरिता गांव निवासी 35 वर्षीय युवक सचिन की करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार हरिता गांव का रहने वाला 35 वर्षीय सचिन खेतीबाड़ी का काम करता था। रविवार देर शाम को वह अपने मकान के पास ही लगे ट्रांसफार्मर पर बिजली की तार ठीक करने के लिए ऊपर चढ़ा था। जब वह तार को ठीक करने लगा तो अचानक उसे करंट का झटका लगा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे झुलसी हालत में नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।