पुलिस ने मेयर के भाई के भागे अपहर्ताओं को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। किला थाना पुलिस ने मेयर सुरेश वर्मा के भाई नरेश कुमार वर्मा के भागे अपहर्ताओं को काबू कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश करेगी। वहीं मौके से ही गिरफ्तार तीसरे आरोपी से पूछताछ तेज कर दी है। इधर, आरोपियों के गिरफ्तार करने पर जिले में राजनीति खींचतान भी बढ़ गई है।
किला थाना पुलिस ने नरेश कुमार वर्मा के अपहरण में फरार भूपेंद्र और विजय की गिरफ्तारी को लेकर रविवार को कई जगह छापेमारी की। पुलिस को इस दौरान सूचना मिली कि दो आरोपी समालखा में मनाना फाटक के पास हैं। पुलिस की ओर से दबिश देने पर दोनों काबू में आ सकते हैं। एसएचओ सुरेश पाल ने तुरंत एक टीम गठित कर मौके पर भेजी। पुलिस ने मनाना फाटक के नजदीक दो लोगों को काबू किया। पुलिस ने उनकी पहचान भूपेंद्र व विजय के रूप में कर ली है। दोनों आरोपी मेयर सुरेश वर्मा के भाई नरेश कुमार वर्मा के अपहरण में नामजद थे।
विदित है कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे कुटानी रोड पहलवान चौक स्थित मेयर सुरेश वर्मा के घर के सामने एक दुकान से उसके भाई नरेश कुमार वर्मा का गन पॉइंट पर अपहरण कर लिया। बदमाश क्वीड गाड़ी में नरेश कुमार वर्मा को लेकर पहले तामशाबाद गांव पहुंचे और उसको खेतों में ले गए। उसको दस लाख रुपये की मांग की। नरेश कुमार वर्मा ने अपहर्ताओं की किसी के साथ फोन पर बात कराई और 204 गज का एक प्लॉट अपहर्ताओं को देने की बात कही। इसके बाद अपहर्ता उसको बबैल रोड से यूपी ले जाने की तैयारी में थे। इस बीच बबैल रोड पर पुलिस नाका देख,अपहर्ताओं ने अपनी कार रोक दी और नरेश व कार को छोड़कर भाग खड़े हुए। इधर, पुलिस ने एक अपहर्ता अमित को मौके पर ही काबू कर लिया और नरेश को छुड़ाकर कार को जब्त कर लिया। किला थाना पुलिस ने नरेश की शिकायत पर अपहरण समेत अन्य कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था।
वर्जन
पुलिस ने नरेश कुमार वर्मा के अपहरण में फरार दोनों आरोपियों भूपेंद्र व विजय को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
सुरेश पाल, प्रभारी, किला थाना।