सड़क हादसे में घायल नौ साल के बच्चे की मौत
-फूफा की रविवार को हो गई थी मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो,
पानीपत। गांव इसराना के पास रविवार को कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में राजकुमार पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव इसराना की मौत हो गई थी। जबकि नौ वर्षीय तेजस पुत्र नफे सिंह निवासी गांव भालसी जिला पानीपत गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने तेजस को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया था। जहां उपचार के दौरान मंगलवार की देर रात तेजस की मौत हो गई। तेजस अपने परिवार में इकलौता पुत्र था और उससे बडी दो बहनें है। पुलिस की जांच में पता चला कि तेजस अपनी बुआ के घर इसराना आया हुआ था और रविवार को अपने फूफा के साथ बाइक पर सवार होकर गांव इसराना की मुख्य सडक से गुजर रहा था। इस दौरान कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमार की मौके पर मौत हो गई थी। जबकि बाइक पर फूफा राजकुमार के साथ बैठा तेजस गंभीर रूप से घायल हो गया था। तेजस की मौत की सूचना मिलने पर थाना इसराना पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच के बाद तेजस के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने बुधवार की सुबह तेजस के परिजनों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम के बाद तेजस का शव उसके परिजनों को सौंप दिया। वहीं पुलिस ने सड़क हादसे के इस मामले में पहले से ही कार चालक पर गैर इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज कर रखा है। इधर, तेजस की मौत से गांव इसराना व भालसी में शोक छाया हुआ है। जबकि परिजनों का रो-रो का बुरा हाल है।