तहसील में फर्जी ट्रांसफर डीड कराते पकड़े, एक काबू, बाकी फरार
फोटो-26 से 28
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। तहसील पानीपत में लाखों रुपये की कीमत के एक प्लॉट की धोखाधड़ी से एक अन्य व्यक्ति की मदद से ट्रांसफर डीड कराने का मामला पकड़ा गया है। इसमें एक व्यक्ति दूसरे के नाम पर खड़ा था। तहसील में ऑपरेटर के बाद गड़बड़ी पकड़े जाने पर गवाह और प्लॉट डीड कराने वाला व्यक्ति मौका मिलते ही फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति की जगह खड़े राजकुमार को मौके पर ही पकड़ लिया। थाना शहर पुलिस ने तहसीलदार पानीपत की शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तहसीलदार पानीपत ने थाना शहर पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि एक फरवरी को राजकुमार निवासी वीवर्स कॉलोनी तहसील में आंतरण पत्र पंजीकृत कराने के लिए पेश हुआ। वह अपने दस्तावेजों राकेश निवासी तहसील कैंप बना हुआ था। उसके आधार कार्ड और अंगूठों के निशान का मिलान कराया तो किसी का भी मिलान नहीं हो पाया। वह तहसील कैंप प्रकाश नगर स्थित 395 गज के प्लॉट को राकेश के लड़के अंकित मित्तल के नाम पंजीकृत कराने की कह रहा था और दस्तावेजों में लिखा हुआ था। उसके साथ गवाह मॉडल टाउन निवासी गुरमीत था। बताया जा रहा है कि मामला पकड़ में आते ही गवाह गुरमीत व प्लॉट डीड कराने वाला अंकित मित्तल फरार हो गया।
राजकुमार बोला मुझे तो राकेश बनने की कही गई थी
राजकुमार निवासी वीवर्स कॉलोनी ने तहसीलदार जयभगवान के सामने बताया कि वह मॉडल टाउन निवासी गुरमीत की फैक्ट्री में नौकरी करता है। गुरमीत ने उसको तहसील में राजकुमार की बजाय राकेश बनकर खड़ा होने की कही थी। उन्होंने ही उसका आधार कार्ड राकेश के नाम तैयार कराया था। इसमें उसका कोई कसूर नहीं है। वहीं सामने आया कि गुरमीत सिख समुदाय के एक प्रमुख व्यक्ति का लड़का है।
एक वकील का भी नाम आया सामने
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान निर्मल सिंह की अगुवाई में वकील तहसील में पहुंचे। उन्होंने उक्त वकील की इसमें कोई गलती न होने की सफाई दी। उन्होंने कहा कि वकील ने सामान्यत ट्रांसफर डीड पर साइन किए हैं। उसकी किसी तरह की दूसरी मंशा नहीं थी।
वर्जन
तहसील में तहसील कैंप एरिया स्थित 395 गज प्लॉट की ट्रांसफर डीड करते वक्त एक व्यक्ति को दूसरे की जगह पकड़ लिया। गवाह गुरमीत व डीड कराने वाला व्यक्ति अंकित मौका मिलते ही फरार हो गया। उन्होंने राकेश बने राजकुमार को मौके पर ही पकड़ लिया। इसमें एक वकील ने भी अपने साइन कर रखे हैं। इस मामले की शिकायत पुलिस को कर दी है।
जयभगवान, तहसीलदार, तहसील पानीपत।
वर्जन
पुलिस को तहसील में फर्जी तरीके से ट्रांसफर डीड कराने की शिकायत मिली है। इसमें राजकुमार निवासी वीवर्स कॉलोनी को नामजद कर कई अन्य पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर जल्द ही आरोपियों को काबू कर लेगी।
अमित कुमार, प्रभारी, थाना शहर, पानीपत।