ड्रेन नंबर दो में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
पानीपत। जिले के गांव बबैल के पास ड्रेन नंबर दो में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गला सड़ा मिला है। प्राथमिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। थाना सदर पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है। डीएसपी मुख्यालय जगदीप दून ने भी मौका मुआयना किया।
मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को दोपहर करीब एक बजे ड्रेन नंबर-दो में बबैल गांव के पास एक युवक का शव बरामद किया है। थाना सदर पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं कर पाई। डीएसपी मुख्यालय जगदीप दून सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि शव की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। मरने वाले युवक की उम्र करीब 35 साल है। उसने स्लेटी पेंट व सफेद कमीज पहनी हुई थी, जबकि पैर नंगे थे। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है। इसमें फिलहाल 74 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।