आइसक्रीम और सॉफ्टी कोन्स के डिब्बों के पीछे छुपाकर ले जा रहे थे शराब, पकड़े
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत/समालखा। आबकारी विभाग ने बीती रात को समालखा नई अनाज मंडी क्षेत्र में लावारिस खड़े दो कैंटरों से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की 740 पेटी बरामद की हैं। कैंटरों से बरामद शराब केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए थी। इन्हें आइसक्रीम और सॉफ्टी कोन्स के डिब्बों के पीछे छुपाकर ले जाया जा रहा था। आबकारी विभाग ने शराब को कब्जे में ले लिया है और स्थानीय पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपआबकारी एवं कराधान आयुक्त(आबकारी) आलोक पाशी ने बताया कि बुधवार रात को गुप्त सूचना विभाग के एईटीओ केसी कंबोज के पास आई। उन्होंने एईटीओ मुकेश गौतम, निरीक्षक पवन गुप्ता और राकेश बलहारा, आबकारी पुलिस स्टाफ ने नई अनाज मंडी समालखा में संयुक्त छापामारी की। वहां दो कैंटर खड़े मिले। इनमें कोई चालक या अन्य नहीं व्यक्ति थे। दोनों कैंटरों की तलाशी ली तो उनसे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली। एक कैंटर से बोतल की 165 पेटी और पव्वों की 145 पेटी, जबकि दूसरे कैंटर से पव्वों की 430 पेटी बरामद हुईं। दोनों कैंटरों को विभाग ने शराब समेत अपनी कस्टडी में ले लिया है।