सीआईए-टू ने कैंटर में सोनीपत ले जाई जा रही ह्विस्की की छह सौ पेटी पकड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सीआईए-टू पुलिस टीम ने नाका बंदी कर चंडीगढ़ से सोनीपत के सिसाना गांव ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब (ह्विस्की) का एक कैंटर पकड़ने में कामयाबी पाई है। पुलिस ने कैंटर से छह सौ पेटी हाईटाइम प्रीमियम ह्विस्की बरामद की है। शराब की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है।
सीआईए-टू टीम प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को शनिवार सुबह गुप्त सूचना मिली थी की एक व्यक्ति अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब कैंटर में लोड कर सफीदों से पानीपत की ओर आ रहा है। उन्होंने इसी सूचना के आधार पर तुरंत मुख्य सिपाही अनिल कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर नारा गांव के पास नाकाबंदी कर दी। टीम ने गांव नारा के पास नाकाबंदी कर वहां से गुजरने वाले सभी वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस बीच पुलिस टीम को हरियाणा नंबर का एक कैंटर सफीदों की ओर से आता दिखाई दिया। उन्होंने कैंटर को नाके पर रोक जांच की तो उसमें अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद की गईं। चालक से शराब के कागजात मांगें तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सका। पुलिस टीम ने चालक से गहनता से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान कुलबीर उर्फ सोनू निवासी सिसाना जिला सोनीपत के रूप मे बताई। पूछताछ मे आरोपी चालक ने बताया कि कैंटर में चंडीगढ़ से शराब की पेटी लोड की गई थी और उसको कैंटर को जिला सोनीपत के सिसाना गांव लेकर जाना था। वह सिसाना गांव निवासी एक शराब ठेकेदार के कैंटर पर चालक के रूप में तैनात है। पुलिस ने इसकी सूचना आबकारी विभाग के अधिकारियों को दी। आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर राकेश बलहारा मौके पर पहुंचे। उनके सामने शराब की पेटियों की गिनती की गई। अधिकारियों के अनुसार कैंटर में छह सौ पेटी अंग्रेजी शराब मार्का हाईटाइम प्रीमियम ह्विस्की मिली। पुलिस ने आरोपी चालक कुलबीर उर्फ सोनू के खिलाफ थाना मतलौडा में एक्साइज एक्ट व आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी चालक को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी और आरोपी का पुलिस रिमांड लेने का प्रयास किया जाएगा।