पर्दा व्यापारी की पांच लाख की पेमेंट ले नौकर फरार
पानीपत। अमर भवन चौक स्थित पर्दा व्यापारी के पांच लाख रुपये लेकर नौकर फरार हो गया। कई बार फोन करने पर भी नौकर का फोन नहीं मिला तो व्यापारी को ठगी का अहसास हुआ। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर 12 निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि उसकी अमर भवन चौक पर देविको फैब के नाम से पर्दे की दुकान है। दुकान पर करीब तीन महीनों से यमुना एंक्लेव का संदीप गांधी नौकरी कर रहा था। अक्सर वह संदीप को मार्केट में व्यापारियों से पैसे लाने के लिए भेज देता था। 27 मार्च को सुबह 9 बजे उसने सेक्टर 13-17 निवासी व्यापारी तिलक राज सेठी से पांच लाख रुपये लाने के लिए संदीप को भेज दिया। लेकिन व्यापारी तिलक राज से पेमेंट लेने के बाद संदीप दुकान पर नहीं पहुंचा। तभी से उसका फोन भी बंद आ रहा है।
व्यापारी के अनुसार पकड़ा गया है आरोपी:
पीड़ित हैंडलूम व्यापारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी नौकर संदीप गांधी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अनेकों जगहों पर तलाशा, आखिरी में उसे पुलिस ने बरसत रोड से गिरफ्तार किया गया। साथ ही आरोपी से 5 लाख रुपये की नकदी भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने मौके पर ही पीड़ित व्यापारी को बुलाया। जहां मालिक को देखकर आरोपी नौकर रोने लगा व मालिक सहित पुलिस से माफी मांगने लगा। मालिक व पुलिस से भविष्य में ऐसी गलती फिर ना करने की बात कहने लगा। वहीं दूसरी ओर पुलिस की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।