डिवाइडर व रेलिंग तोड़कर बस फ्लाईओवर के दूसरी ओर पहुंची, 15 लोग घायल
पानीपत। हिमाचल से दिल्ली की ओर जा रही बस पानीपत फ्लाईओवर पर ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। जिससे बस अनियंत्रित होकर रेलिंग व डिवाइडर तोड़ती हुई एनएफएल के गेट के सामने तक पहुंच गई। बस में सवार 15 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची व घायलों को एनएफएल व सिवाह स्थित अस्पताल में ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
पुलिस को दी शिकायत में ईश्वर पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी दिल्ली ने बताया कि वो अपनी पत्नी, मामा तरुण, मामी ज्योति के साथ हिमाचल प्रदेश से दिल्ली की बस में दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। बस में करीब 40 सवारी थी। बस में आइटीबीपी के जवान भी सवार थे। ईश्वर ने बताया कि बस चालक विक्रम निवासी शास्त्री नगर दिल्ली बहुत तेज गति से चला रहा था। शुक्रवार सुबह 5 बजे जब वो पानीपत फ्लाईओवर पहुंचे, तो वहां अचानक ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया और बस को फुटपाथ पर चढ़ा दी। जिससे बस एनएफएल के गेट के बाहर तक डिवाडर व रेलिंग तोड़ते हुए एनएफएल के गेट तक पहुंच गई। बस में सवार करीब 15 लोग घायल हो गए।