जहरीले पदार्थ से तीन माह से गर्भवती विवाहिता की मौत, ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
उरलाना में तीन माह से गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला का शव कब्जे में ले लिया। विवाहिता के भाई ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि उन्होंने ही उसकी बहन को जहर देकर मारा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विवाहिता के पति राकेश, दो ननंद, जीजा व जेठ के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
कैथल के बड़ सीकरी गांव निवासी विवाहिता के भाई सतीश ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने अपनी बहन नीरज की शादी उरलाना निवासी राकेश के साथ की थी। उनके पास छह माह का एक बच्चा भी है। उसकी बहन को ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए परेशान करते थे। इस बारे में उन्होंने कई बार राकेश को भी समझाया। उसकी बहन तीन माह से गर्भवती थी। रविवार को उनके पड़ोस से ही फोन पर सूचना मिली वह उरलाना पहुंचे तो वहा उसकी बहन मृत अवस्था में थी। सतीश ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को उसके पति राकेश, जेठ, दो ननंद व जीजा जहर देकर मारा है। उरलाना चौकी प्रभारी एसआई जयवीर ने बताया कि विवाहिता के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।