ट्रक ने ई-रिक्शा मारी टक्कर, पिता-पुत्र घायल
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। गांव सिवाह में जीटी रोड स्थित बीबीएमबी कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने खिलौनों से भरी ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने पुत्र की गंभीर हालत देख रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया और पिता को प्राथमिक उपचार दे छुट्टी दे दी। आठ मरला चौक निवासी सुखपाल ने सेक्टर-29 चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को वह अपने बेटे शुभम को साथ लेकर ई-रिक्शा में खिलौने लोड करके गांव सिवाह की ओर जा रहा था। वह जब जीटी रोड पर बीबीएमबी कट के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र घायल हो गए। वारदात के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। चौकी प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि ट्रक ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी जिसमें पिता पुत्र घायल हो गए। पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।