महिला की हत्या कर नहर में फेंका शव, मुकदमा दर्ज
पानीपत। पश्चिम यमुना लिंक नहर से बरामद महिला के शव के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। महिला की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया था। उसके साथ दुराचार की भी आशंका जताई जा रही है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने मामले में हत्या और शव को खुर्दबुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पश्चिम यमुना लिंक नहर में मंगलवार को एक महिला का शव बरामद किया था। असंध नाका चौकी पुलिस ने शव को निकलवाकर शवगृह में रखवा दिया था। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद शव को पीजीआई रोहतक भेज दिया था। इस मामले में सामने आया है कि महिला की हत्या कर शव को नहर में फेंका गया था। उसके नग्न मिलने पर दुराचार की आशंका भी हैं। असंध नाका चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।