अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सीएम फ्लाइंग और सीआईडी के शहर में नकली सोडा और गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ करने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। थाना शहर, किला और मॉडल टाउन पुलिस ने तीन मामलों में केस दर्ज कर लिए हैं। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम फ्लाइंग और सीआईडी की संयुक्त टीम ने सोमवार रात से मंगलवार शाम तक जिलेभर में करीब 23 स्थानों पर छापा मारकर अवैध धंधों का भंडाफोड़ किया था। पहले मामले में एसआई आनंद कुमार ने थाना शहर पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने राकेश कुमार निवासी महाजन वाली गली, रजनेश निवासी दलबीर नगर और रविंद्र निवासी बिजोलिया दरभंगा हाल हाली कॉलोनी पानीपत महाजन वाली गली में नकली सोडा बनार बेचता है। थाना शहर पुलिस ने इसमें तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरे मामले में एसआई दलबीर ने थाना मॉडल टाउन पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि आदित्य नारायण आकेपुरम नकली सोडा बनाते हुए पकड़ा गया है। पुलिस ने इसमें आरोपी आदित्य नारायण पर धोखाधड़ी व मिलावट करने की धारा लगाकर मुकदमा दर्ज कर लिया। तीसरे मामले में फूड एंड सप्लाई के इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रामकुमार निवासी हनुमान कॉलोनी पर गैस सिलेंडर रिफिलिंग करता है। उन्होंने यहां से 22 बड़े और 15 छोटे गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने आारेपी रामकुमार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने सूचना के आधार पर मौका पर जाकर नकली पेय पदार्थ और गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों मामलों में मुकदमें दर्ज कर लिए हैं और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही आरोपयिों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
अनिल कुमार, प्रवक्ता, पुलिस पानीपत।