लापता युवक का शव नाले में मिला
पानीपत। पानीपत की बबैल रोड की निवासी अनिल का शव वीरवार की शाम को बबैल रोड के पास से बह रहे नाले से बरामद हुआ। वहीं थाना किला पुलिस ने शव का पानीपत के सिविल अस्पताल में फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टरों से पोस्टमार्टम कराया। पुलिस की जांच में पता चला कि अनिल कबाड़ी का काम करता था और 18 मार्च को संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अनिल संदिग्ध हालता में लापता हो गया है और परिवार ने उसके अपहरण या बंधक बनाये जाने का शक भी जताया था। वीरवार की शाम को राहगीरों ने नाले में एक व्यक्ति का शव देखा और घटना की सूचना थाना किला पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद शव को नाले से बाहर निकलवाया। वहीं पुलिस की सूचना पर अनिल के परिजन भी मौके पर पहुंच गये और उन्होंने नाले से बरामद हुए शव की शिनाख्त अनिल के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद अनिल का शव उसके परिजनों को सौंप दिया। थाना किला पुलिस ने अनिल की मौत के मामले में आईपीसी की धारा 174 के तहत कार्यवाही की और उसकी मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि अनिल की मोबाइल फोन कॉल डिटेल भी निकलवाई जायेगी।