अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली व एनसीआर में दिवाली पर पटाखों की बिक्री पर रोक के बाद जिला प्रशासन द्वारा धारा 144 लगाने के बाद भी पटाखों की बिक्री जोरों पर चल रही है। थाना शहर पुलिस ने रामनगर व घेर अराइया चौक स्थित दो दुकानों से भारी मात्रा में बम व पटाखे बरामद किए हैं। आरोपी एक किरयाना व कनफैक्शनरी की दुकान पर पटाखे बेच रहे थे। पुलिस ने दोनों में दुकानों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ईएएसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि वह मंगलवार को सिपाही सुभाष के साथ रामनगर तहसील कैंप में थे। उनको सूचना मिली कि ललीत कुमार निवासी घेर अराइयां चौक लवली किरयाना स्टोर के नाम से दुकान चलाता है। वह अवैध रूप से पटाखे बेच रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश दी और दुकान से भारी मात्रा में बम व पटाखे बरामद किए। इनमें 51 पैकेट बम, बिजली बम के 35 पैकेट, कीटकैट बम 31, राउंड चक्कर आठ पैकेट, करवी बम 30 पैकेट, अन्नम डिलक्स तीन पैकेट, सुतली बम 65 पीस, माचिस तिल्ली बम 13 पैकेट, बुलेट अम 20 पैकेट, मुर्गा छाप बम 26 पैकेट, फूलझड़ी 36 पैकेट, प्लास्टिक बाल गन राउंड चार पैकेट बरामद किए। पुलिस ने आरोप पर एक्सपलोसिव एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं ईएएसआई बलवान सिंह ने बताया कि हवलदार चंद्रपाल, राजेश, ईएचसी वीरेंद्र फतेहपुरी चौक तहसील कैंप में नाका लगाकर तैनात थे। उनको सूचना मिली कि रामनगर निवासी जितेंद्र कुमार अपनी कंफैक्शनरी की दुकान पर पटाखे बेच रहा है। उसको रंगे हाथों पटाखे बेचते काबू कर लिया। उससे भारी मात्रा में बम, अनार व पटाखे बरामद किए हैं। थाना शहर पुलिस ने जितेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
--जगमहेंद्र--