समालखा। जीटी रोड पर गांव झट्टीपुर के नजदीक बुधवार की सुबह ट्राला व ट्रक की टक्कर में ट्रक चालक की मौके पर मौत हो गई। ड्राइवर ट्रक के अंदर बुरी तरह से फंस गया, जिसे क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया, उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार एक ट्राला पानीपत की ओर जा रहा था, जिसमें गर्टर लदे हुए थे। उसके पीछे-पीछे एक ट्रक भी पानीपत की ओर जा रहा था। जैसे ही वे झट्टीपुर के पास पहुंचे, ट्राला के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, लेकिन पीछे आ रहे ट्रक चालक के ब्रेक नहीं लगने के कारण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन चकनाचूर हो गया और उसमें ड्राइवर बुरी तरह से फंस गया। सूचना मिलने पर हाईवे पुलिस व थाना समालखा पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से केबिन को उखाड़ कर ड्राइवर को बाहर निकाला गया। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया शनाख्त करने पर पता चला ड्राइवर गुरमीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह खानसा (पटियाला), पंजाब का रहने वाला था। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फरार आरोपी ट्राला के चालक पर मामला दर्ज किया है।