दुकान के बाहर लगे बिजली मीटर को तोड़ा
इसराना।बिजली निगम द्वारा घरों व दुकानों से बाहर बिजली मीटर लगाना उपभोक्ताओं के लिए सिरदर्द बनना शुरू हो गया है। बाहर लगाए बिजली मीटरों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगना शुरू हो गया है। रविवार देर रात हेड़ी कालोनी के पास मेन रोड़ पर एक दुकान के बाहर लगे बिजली मीटर को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। सुबह दुकानदार जब दुकान पर पहुंचा तो बाहर लगा बिजली मीटर टूटा हुआ था। दुकानदार द्वारा मामले की सूचना बिजली निगम के कर्मचारियों को निगम के कर्मचारियों ने अपना पल्ला झाड़ते हुए उपभोक्ता को पुलिस में शिकायत करने को कहा गया। परेशान उपभोक्ता ने शरारती तत्वों द्वारा बिजली मीटर तोड़े जाने की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस को दी शिकायत में उपभोक्ता गंगा राम वासी हेड़ी कालोनी इसराना ने बताया कि वह मेन रोड बाजार में परिवार का पालन पोषण करने के लिए चिकन कार्नर चला रहा है। सोमवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान के बाहर लगा बिजली मीटर टूटा हुआ था। मामले की सूचना बिजली निगम को देने पर निगम ने मामले की शिकायत पुलिस को करने की बात कही। उन्होंने दुकान के बाहर लगे बिजली मीटर तोड़े जाने की लिखित शिकायत पुलिस को दी है।