छात्र की जहरीला पदार्थ खाने से मौत, किशोरी गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। शहर से सटे उझा गांव में दसवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि सनौली रोड निवासी एक किशोरी की जहर के असर से हालत गंभीर हो गई। पीजीआई खानपुर में दाखिल कराया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना चांदनी बाग पुलिस ने छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार उझा निवासी पंकज ने मंगलवार देर रात को दवा के धोखे में जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने पंकज को एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। थाना चांदनी बाग पुलिस सूचना मिलते ही अस्पताल में पहुंची और पंकज के बयान दर्ज किए। इधर, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया पंकज दसवीं का विद्यार्थी है और वह काफी समय से बीमार चल रहा था। उसने दवा के धोखे में जहरीली पदार्थ खा लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
किशोरी की जहरीला पदार्थ खाने से तबीयत बिगड़ी
मिली जानकारी के अनुसार सनौली रोड निवासी आरती ने मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन इसकी जानकारी लगते ही उसको लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसको पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया।