झगड़े में मायके गई पत्नी, पति ने फंदा लगा दी जान
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। विकास नगर एनएफएल निवासी एक युवक ने अपने कमरे में केबल की तार से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की माने तो वह झगड़े में मायके गई पत्नी के वापस आने से इनकार करने के बाद मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। सेक्टर-29 चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मूलरूप से गांव कासंडी, सोनीपत निवासी प्रदीप (32) कई वर्षों से एनएफएल विकास नगर में परिवार सहित रहता था और एक फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों के अनुसार करीब चार माह पहले प्रदीप व उसकी पत्नी सविता का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी झगड़े में सविता अपने मायके हैदरपुर, दिल्ली चली गई। पिछले सप्ताह प्रदीप का बड़ा भाई सतीश, बहनोई रमेश और प्रदीप हैदरपुर, दिल्ली गए थे। बताया जा रहा है प्रदीप के साले ने अपनी बहन को भेजने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद से प्रदीप मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। सोमवार रात को वह अपने कमरे में लेटा हुआ था। छोटा भाई संदीप कुछ देर बाद उसको खाना देने गया तो देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ है और प्रदीप फंदे पर लटक रहा है। उसने इसकी सूचना परिजनों को दी। प्रदीप द्वारा फांसी लगाने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची सेक्टर-29 चौकी पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। पुलिस ने मंगलवार सुबह परिजनों के बयान दर्ज कर धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। प्रदीप चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। शादी के बाद उसे दो बच्चे हुए। बड़ा लड़का प्रिंस ढाई साल व छोटा लड़का तरुण करीब एक साल का है।
युवक ने अपने घर पर केबल की तार से फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि पत्नी के मायके जाने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी परेशानी में उसने फंदा लगा आत्महत्या की है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
महाबीर सिंह, प्रभारी, सेक्टर-29 चौकी, पानीपत।