पानीपत। मॉडल टाउन के शिवाजी स्टेडियम के पास एक कोठी में काम करने वाली 19 साल की घरेलू नौकरानी की सोमवार को हुई संदिग्ध हालातों में मौत के मामले में मॉडल टाउन थाना पुलिस ने कोठी के मालिक, उसकी पत्नी व उसकी दो बेटियों पर केस दर्ज कर लिया है। डॉक्टरों के अनुसार भी पहले नौकरानी का गला घोंटा गया है और बाद में फंदे पर लटकाया गया है। वहीं पोस्टमार्टम के दौरान सिविल अस्पताल में भी नौकरानी के परिजनों ने हंगामा किया और मकान मालिक को गिरफ्तार करने की मांग की।
नौकरानी के पिता अंगद व माता संगीता ने बताया कि सोमवार को उसकी बेटी पूजा ने उन्हें कॉल करके बताया था कि मकान मालिक उसे पीट रहे हैं। पूजा की मां जब कोठी पर पहुंची तो वहां उसका शव पड़ा था। जबकि कोठी मालिक का कहना है कि पूजा ने फंदा लगाकर स्वयं आत्महत्या की है। पूजा के चेहरे पर चोट के निशान थे। उसका शरीर सूजा हुआ था। उनकी बेटी को मालिक योगेश वडेरा उनकी पत्नी ममता वडेरा व दो बेटियों ने मारा है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने चारों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
पूजा के परिजनों से मिला प्रतिनिधिमंडल, बोला दिलाएंगे इंसाफ : सिविल अस्पताल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, सीटू मजदूर संगठन व अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल मृतक नौकरानी के परिजनों से मिला और उन्हें इंसाफ दिलवाने का पूरा भरोसा दिया। सीटू नेता सुनील दत्त ने कहा कि मृतक नौकरानी के पिता व माता ने उन्हें जो मौके के फोटो दिखाए हैं, उनमें पूजा का मुंह सूजा हुआ है और खून से लथपथ दिखाई दे रहा है। इससे साफ पता चलता है कि पूजा ने आत्महत्या नहीं की है। सीटू जिला प्रधान सुनील दत्त, सचिव जयभगवान, सुरेंद्र नरवाल, जनवादी महिला समिति की जिला सचिव पायल ने जिला व पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि पूजा की मौत की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। वहीं पीड़ित पक्ष को जिला प्रशासन व सरकार की तरफ से 10 लाख का मुआवजा दिया जाए। इस मौके पर प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस दबाव में काम न करें। पूजा मामले में परिजनों के साथ इंसाफ नहीं किया गया तो सभी संगठन मिलकर प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।