स्प्रे के प्रभाव से खेत में किसान की मौत
इसराना। पुठर गांव में एक किसान की स्प्रे के प्रभाव से मौत हो गई। बुधवार को किसान खेत में स्प्रे करने का गया था। इसी दौरान उसको स्प्रे चढ़ गया। परिजनों ने किसान को खेत में बेसुध हालत में पड़ा पाया। इसराना थाना पुलिस ने परिजनों के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुठर गांव निवासी 31 वर्षीय रविंद्र पुत्र सुखबीर पेशे से किसान था। वह बुधवार को खेत में स्प्रे करने गया था। काफी देर तक जब रविंद्र घर नहीं पहुंचा तो परिजन खेत में पहुंचे। परिजनों ने यहां पर रविंद्र को मेड़ पर औधे मुंह पड़ा देखा। परिजन उसको सिविल अस्पताल में लेकर आए, यहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।