अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
असम से लड़कियों की तस्करी कर पानीपत का दंपति अनाज मंडी के पास आरआर रेस्टोरेंट में उनसे देह व्यापार कराता था। लड़कियों को वहां से नौकरी का झांसा देकर लाया जाता था। फिर उनको यहां एक तहखाने में जबरदस्ती रखा जाता था। असम से 18 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई लड़की को तलाशते हुए पानीपत पहुंची असम पुलिस ने वीरवार को पानीपत पुलिस के साथ मिलकर आरआर रेस्टोरेंट में छापा मारकर पांच असम की लड़कियों को मुक्त कराया। रेस्टोरेंट का आरोपी मालिक राकेश फरार हो गया, जबकि उसकी पत्नी कोे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सभी युवतियों के मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराए। फिलहाल सभी लड़कियों को करनाल में रखा गया है। एक अप्रैल को असम पुलिस उन्हें वापस असम लेकर जाएगी।
ऐसे हुआ मानव तस्करी का खुलासा
असम के नौगांव से 18 मार्च को 19 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने इसकी शिकायत असम पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए वहां एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसी ने बताया कि उसने रिंकी नाम की महिला से लड़की को मिलवाया था। रिंकी लड़की को दिल्ली व हरियाणा में अच्छी नौकरी दिलाने के लिए अपने साथ लेकर गई थी। असम पुलिस ने वहीं से मामले की मॉनीटरिंग शुरू की। असम पुलिस के सब इंस्पेक्टर यानसिना, सिपाही ताफाजुहक, सिपाही गंगा व सिपाही रुनोब्रो ने उस आरोपी से रिंकी का मोबाइल नंबर लिया और उसकी डिटेल निकलवाई। वहां से पता चला कि रिंकी पानीपत में रहती है। असम पुलिस ने पानीपत की डीसी सुमेधा कटारिया व एसपी राहुल शर्मा को इसकी सूचना दी। एसपी ने चांदनी बाग थाना पुलिस को असम पुलिस का सहयोग करने के निर्देश दिए। दोपहर 2 बजे असम पुलिस चांदनी बाग थाना क्षेत्र में पहुंची। यहां पर दोनों राज्यों की पुलिस ने अनाज मंडी के पास आरआर रेस्टोरेंट में छापेमारी कर पांच लड़कियों को मुक्त कराया। आरोपी राकेश फरार हो गया जबकि उसकी पत्नी रिंकी गिरफ्तार कर ली गई।
तीन मंजिला रेस्टोरेंट में तहखाने में रखा था लड़कियों को
अनाज मंडी के पास आरआर रेस्टोरेंट स्थित है। इसको तीन मंजिल बनाया गया है। ऊपर की दो मंजिलों में देह व्यापार का काम होता था। नीचे एक खुफिया तहखाना बनाया गया है। जहां लड़कियों को रखा जाता था और ग्राहकों के पास उन्हें भेजा जाता था। पुलिस की रेड से बचने के लिए पीछे की ओर एक दरवाजा भी बनाया गया था।
मानव तस्करी करने के लिए असम की लड़की से की थी शादी
आरोपी राकेश ने असम से आसानी से मानव तस्करी करने के लिए 3 साल पहले असम के नौगांव क्षेत्र की रिंकी के साथ शादी की थी। उसने दिल्ली के रास्ते पानीपत में मानव तस्करी कर देह व्यापार का धंधा करने के लिए रिंकी का इस्तेमाल किया। रिंकी हर एक या दो माह में असम जाती थी। वहां 15 से 20 साल की युवतियों से मिलकर उन्हें दिल्ली व हरियाणा में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने शिकंजे में ले लेती थी। वहां से लड़कियों को दिल्ली बुलाती थी। इसके बाद उनको पानीपत लाकर उन्हें जबरदस्ती देह व्यापार के धंधे में धकेला जाता था।
एक ग्राहक से लेते थे 2 से 7 हजार रुपये
बताया जा रहा है कि आरआर रेस्टोरेंट में ग्राहकों को लड़कियां परोसने के लिए 2 से 7 हजार रुपये लिए जाते थे। यूपी व करनाल भी यहां से बुकिंग पर लड़कियों को भेजा जाता था। लड़कियों को भागने का प्रयास करने पर जेल कराने व जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पानीपत देह व्यापार के लिए बदनाम
पानीपत में समय-समय पर रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस व होटलों में देह व्यापार के बड़े खुलासे हुए हैं। तीन माह पहले लाल बत्ती स्थित दक्ष गेस्टहाउस में पुलिस ने छापा मारकर 6 युवतियों व 4 युवकों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा था। इसके बाद मॉल में भी मसाज पार्लर से 6 लड़कियां पकड़ी गई थीं। बताया जाता है कि पानीपत के अधिकांश गेस्ट हाउस में इस प्रकार के धंधे चल रहे हैं।
बिहार, झारखंड, असम व उड़ीसा से लाई जाती हैं लड़कियां
बिहार, झारखंड, असम व उड़ीसा से पानीपत व दिल्ली में लड़कियों को देह व्यापार के लिए लाया जाता है। जितनी भी लड़कियों को देह व्यापार के मामलों में पकड़ा गया इनमें से 95 प्रतिशत लड़कियां इन्हीं राज्यों से होती हैं। इनको वहां से कोठियों में काम, ऑफिसों में नौकरी दिलाने के नाम पर झांसे में लिया जाता है। दिल्ली लाकर इनको दलालों के पास छोड़ा जाता है। वहां इनको कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा जाता है। इनको नशे का आदी बनाया जाता है। इसके बाद इनको देह व्यापार के अड्डों पर छोड़ दिया जाता है।
10 दिन तक आरोपियों की मॉनीटरिंग की
18 मार्च को नौगांव के थाने में युवती के लापता होने का केस दर्ज हुआ था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। वहां से रिंकी के बारे में पता चला था। पूरे मामले की 10 दिन मॉनीटरिंग करने के बाद लड़कियों को मुक्त कराया गया है। एक अप्रैल को लड़कियों को अपने साथ असम लेकर जाएंगे।
यानसिना, सब इंस्पेक्टर नौगांव पुलिस थाना, असम
मामले में आरोपियों पर मानव तस्करी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रेस्टोरेंट को सील कर दिया गया है।
-सुरेश सैनी, एसएचओ चांदनी बाग पुलिस थाना
असम से लड़कियों की तस्करी कर पानीपत का दंपति कराता था देह व्यापार, तहखाने से 5 लड़कियां कराईं मुक्त
-अनाजमंडी के पास आरआर रेस्टोरेंट पर असम व पानीपत पुलिस ने ही संयुक्त रूप से कार्रवाई
फोटो संख्या 48 से 50