फोटो संख्या- 15
हेडकांस्टेबल को अगवा कर मारपीट, कार लूटी
शहर में करीब डेढ़ घंटे तक कार में घुमाता रहा बदमाश, थप्पड़-घूंसों से पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। चांदनीबाग थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल को तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियार के बल पर शुक्रवार की रात को अगवा करने के बाद मारपीट की। कांस्टेबल से लुटेरों ने कार, रुपये और कागजात से भरा पर्स लूट लिया। लुटेरों ने हेड कांस्टेबल को करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखा और उसकी कार को पानीपत से नौल्था के बीच घुमाते रहे। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
कांस्टेबल तस्वीर ने बताया कि वह चांदनीबाग थाना पुलिस में कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर तैनात है। रात को वह थाने से अपनी कार से घर जा रहा था। जब वह सेक्टर-25 जोध सचियार गुरुद्वारे वाले मोड़ पर पहुंचा तो वहां सामने से आ रहे ट्रक को रास्ता देने के लिए वह पार्किंग में मुड़ गया। ट्रक जाने के बाद वह पार्किंग से गाड़ी घुमाने लगा तो इसी दौरान एक नकाबपोश युवक वहां आया। उसने आते ही शीशे पर हाथ मारा व गाड़ी को रोकने का इशारा किया। इसके बाद बदमाश परिचालक वाली सीट की ओर से खिड़की खोलकर गाड़ी में बैठ गया व कांस्टेबल के माथे पर पिस्तौल तान दी। इसका हेड कांस्टेबल तस्वीर कुमार ने विरोध किया, उसी दौरान ड्राइवर वाली साइड पर दो अन्य बदमाश और आ गए। उन्होंने उसकी खिड़की खोली व उसके मुंह पर थप्पड़-घूंसों से वार कर दिया। इससे उसकी नाक से खून बहने लगा। इसके बाद वह दोनों बदमाश कांस्टेबल को उतार कर पिछली सीट की ओर ले गए। परिचालक वाली सीट पर बैठा बदमाश ड्राइवर सीट पर आ गया व दोनों बदमाशों ने हेड कांस्टेबल को पीछे वाली सीट पर बीच में बैठा लिया। दोनों बदमाशों ने उस पर पिस्तौल तान दी।
इसके बाद बदमाश गाड़ी को जीटी रोड से होते हुए सिवाह मोड़ से गांव डाहर बाईपास पर ले गए। वहां बदमाशों ने गांव नौल्था के मोड़ पर कांस्टेबल के साथ मारपीट कर उसका पर्स व गाड़ी छीन कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित कांस्टेबल ने एक राहगीर के फोन से पुलिस कंट्रोल नंबर पर फोन कर वारदात की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही इसराना थाना पुलिस सीआईए वन प्रभारी, चांदनीबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
कार लूट का ही था बदमाशों का इरादा
बदमाशों ने कांस्टेबल को मारपीट कर पिस्तौल के बल पर बंधक बनाकर कार में बैठा लिया। इसके बाद उसे कई गांव की सड़कों पर घूमाते रहे और कार चाहिए बात को दोहराते रहे। बदमाशों ने कांस्टेबल को कहा कि वे उसकी कार ले जाएंगे और उसको किसी तरह की हानि नहीं पहुंचाएंगे।
पुलिस को मिली घटनास्थल पर लावारिस बाइक
पीड़ित कांस्टेबल को जिप्सी में बैठा पुलिस घटनास्थल सेक्टर 25 मोड़ पर पहुंची। वहां पुलिस को एक लावारिस बाइक अनलॉक मिली। पुलिस ने उस बाइक के मालिक को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उसके मालिक का सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने गांव नांगल खेड़ी में एक घंटा पहले हुई बाइक चोरी की वीटी के मालिक को बुलाया। बाइक मालिक देर रात को ही थाने में पहुंचा। जो बाइक नंबर याद ना होने का हवाला देकर वहां से चला गया। पुलिस बाइक नंबर से बदमाशों का पता लगाने में जुटी हुई है।
रोहतक की ओर गए बदमाश
बदमाश कांस्टेबल को गाड़ी में गांव-गांव के रास्ते गांव डाहर वाले टोल से वापस पानीपत की ओर आ गए। इसके बाद उन्होंने टोल पर्ची कटवाई व आगे चलने लगे। इसके बाद उन्होंने टोल पर पानीपत का नाम पड़ा व बोले की हम तो फिर से पानीपत ही आ गए। इसके बाद बदमाशों ने फिर से टोल पर्ची कटवाई व वापस रोहतक की ओर ले गए।
बिना इस्तेमाल किए तीन साल भरनी होगी किस्त
कांस्टेबल ने बताया कि उसने गाड़ी लोन पर ली थी। इसकी उसने पांच साल के लिए किस्त बनवाई थी। 2016 में उसने गाड़ी खरीदी थी। गौरतलब है अगर बदमाश पुलिस की गिरफ्त में न आए और अगर वह गाड़ी नहीं मिली तो बिना इस्तेमाल किए गाड़ी की तीन साल और किस्त भुगतनी पड़ेगी।