पानीपत। हैदराबादी अस्पताल के डॉक्टर को शुक्रवार शाम अज्ञात नंबर से फोन कर डॉक्टर के नाम पता जानना चाहा, डॉ. ने नहीं बताया तो आरोपियों ने डॉक्टर का अस्पताल के बाहर से ही पीछा किया। फोन कटने के करीब आधे घंटे बाद दो आरोपियों ने डॉक्टर की गाड़ी को बबैल नाका स्थित निजी अस्पताल के बाहर रोका। दोनों ही आरोपी नकाबपोश थे। आरोपियों ने डॉक्टर को गाड़ी से नीचे उतरने को कहा लेकिन डॉक्टर नीचे नहीं उतरे। इसके बाद दोनों आरोपी डॉक्टर को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने डॉ. के बयान पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में डॉ. पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम 6 बजकर 57 मिनट पर उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। जिसने कहा कि आप डॉ. पुरुषोत्तम बोल रहे हैं, तुमसे कुछ जरूरी बात करनी है। मुझे कब और कहां मिलोगे, इस वक्त कहा हो। जिसके बाद डॉक्टर ने फोन करने वाले से उसका नाम पूछा तो उसने नाम बताने से मना कर दिया और फोन काट दिया। शाम 7 बजकर 50 मिनट पर डॉ. अपने दोस्त प्रिंस के साथ गाड़ी चला रहे थे। जब वें सनौली रोड, बबैल नाका स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर पहुंचे तो वहां एक दम बाइक सवार नकाबपोश दो युवक आ धमके। जिन्होंने डॉक्टर की गाड़ी के आगे अपनी बाइक अड़ा दी व बाइक से नीचे उतर कर डॉक्टर साइड की खिड़की खोलने का प्रयास किया। आरोपी खिड़की खोलने के दौरान कहने लगे डॉ. पुरुषोत्तम कौन है? गाड़ी से नीचे उतर। डॉक्टर नीचे नहीं उतरा। दोनों आरोपियों में से एक आरोपी बोला कि तू गाड़ी से नीचे नहीं उतरा, तो तुम्हें जान से मार देंगे। आरोपियों को आक्रोशित होते देख डॉक्टर गाड़ी लेकर वहां से अपने बचाव में निकल पड़े। दोनों बदमाशों ने उनकी गाड़ी का काफी दूर तक पीछा किया।