कुख्यात अपराधियों को प्रोडक्शन वारंट पर दिल्ली से पानीपत लाई पुलिस
पानीपत। जीटी रोड पर विगत दिनों गन प्वाइंट पर ड्राईवर को गोली मार कर उसकी फॉचर्यूनर गाड़ी लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपितों को सीआईए टू पुलिस टीम दिल्ली जेल से प्रोडक्शन वारंट पर पानीपत लेकर आई। गहनता से पूछताछ करने व वारदात में प्रयोग किए हथियार बरामद करने के लिए आरोपित जगदीप उर्फ मोनू निवासी नरवाना जींद, मंजीत उर्फ रोकी निवासी टिठाना जिला कैथल, राहुल उर्फ राजन निवासी हिसार व रविंद्र उर्फ योगेंद्र निवासी अलंत जिला रेवाड़ी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। वहीं वारदात में शामिल इनके एक साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत निवासी दयालपुर मानसा पंजाब को सीआईए टू पुलिस टीम पहले ही गिर तार कर चुकी है।
गौरतलब है कि आरोपियों ने 28 जुलाई को चंडीगढ़ से दिल्ली एयरपोर्ट जाने के लिए ओला केब, फॉर्चयूनर गाड़ी बुक कर पानीपत की सीमा में गन प्वाइंट पर ओला केब के ड्राइवर विरेंद्र निवासी फेस टू मोहाली पंजाब को बंधक बना उसकी गाड़ी, दो मोबाइल फोन, करीब तीन हजार की नकदी, हाथ पर बंधी घड़ी लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं आरोपित जगदीप उर्फ मोनू नरवाना में दीपू मोर गैंग का सरगना है। वहीं आरोपी राहुल उर्फ राजन हिसार में भागा गैग का सदस्य है। दोनों आरोपी वर्ष 2017 में जींद जिला जेल में बद थे उसी दौरान दोनों की जान पहचान हुई। जुलाई में जेल से बाहर आने पर दोनों आरोपियों ने अपनी विरोधी गैंग का सफाया करने के लिए योजना बना फॉर्चयूनर गाड़ी लूटने की वारदात को अंजाम दिया।