पानीपत। एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के ग्राहकों के वॉलेट अकाउंट हैक कर वाउचर/कूपन चोरी करने वाले दो आरोपियों को सीआईए-टू पुलिस टीम ने दो गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से दो मोबाइल व लैपटॉप बरामद कर कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी लोगों के वॉलेट से पैसे चोरी कर मौज मस्ती करते थे। इनको एक माह की मेहनत के बाद गिरफ्तार किया गया है।
सीआईए टू की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान कार्तिक व संकेत मेहरा निवासी सेक्टर -6 पानीपत के रूप में हुई है। सीआईए-टू टीम प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि मेक माइ ट्रिप प्राइवेट लिमिटेड कंपनी गुड़गांव के कार्यालय में तैनात मैनेजर एकांत मेहरा ने गत दिनों एसपी सुमित कुमार को आनलाइन शिकायत देकर बताया था कि उनकी कंपनी मेक माइ ट्रिप ग्राहकों को आनलाइन सेवाएं जैसे एयर टिकट, रेलवे बुकिंग, होटल, टूर इत्यादि की सुविधा प्रदान करती है। कंपनी ग्राहकों को सुविधा प्रदान करने के लिए मोबाइल एप्लीकेशन व वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग को और अधिक सुगमता से करने के लिए अपने ग्राहकों को एमएमटी वॉलेट अकाउंट की सुविधा प्रदान करती है। एयर टिकट, रेलवे बुकिंग, होटल, टूर इत्यादि रद्द या अनुपलब्ध होने पर कंपनी की और से ग्राहक के वॉलेट अकाउंट मे पैसे वापस जमा किये जाते है। जिसका उपयोग भविष्य में बुकिंग करने के लिए किया जा सकता है। जुलाई माह मे उनके संज्ञान मे आया कि विभिन्न ग्राहकों के एमएमटी वॉलेट अकाउंट के साथ अज्ञात व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ कर आनलाइन बुकिंग कर बाद में कैंसिल करवा वॉलेट अकाउंट में वापस जाने वाली राशि, वाउचर/कूपन निकालने की धोखाधड़ी की जा रही है। सोमवार शाम सीआईए-टू पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दंबिस दे आरोपी कार्तिक व संकेत मेहरा निवासी सेक्टर-6 पानीपत को देवीलाल पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया।