पानीपत। सीआईए-टू की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : Panipat
नकली पुलिसकर्मी बनकर वाहन चालकों के कागजात चेक करने के बहाने, उनसे पर्स व रुपये छीनने के दो आरोपियों को सीआइए-टू ने टीडीआई पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों ने तीन वारदातों का कबूलनामा किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
सीआइए-टू टीम प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देशानुसार अपराध व अपराधिक वारदातों पर अंकुश लगा आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिला पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया है। अभियान के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एएसआई जवाहर सिंह के नेतृत्व में मंगलवार शाम टीडीआई पुल के पास दबिश दी। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान कर्ण पुत्र ऋषिपाल निवासी खेड़ा खेमावती जिला जींद व अमित निवासी मंसूरपुर यूपी हाल विकास नगर पानीपत के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने विगत दिनों जिला में पुलिसकर्मी बनकर बाइक चालक को रूकवा कागजात चेकिंग करने की बात बोलकर मौका मिलते ही नकदी स्नैचिंग करने की वारदात के अतिरिक्त पर्स स्नैचिंग की दो अन्य वारदातों को अंजाम देने के बारे स्वीकार किया। उपरोक्त वारदातों के बारे में थाना सेक्टर 13-17 व थाना मॉडल टाउन में धारा 379ए के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपियों ने इन वारदातों को अंजाम दिया :
1. 13 जून 2019 को सेक्टर-18 बाईपास के पास दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मी बनकर बाइक सवार एक युवक को आइडी दिखाने के लिए कहा, युवक ने आइडी निकाल कर दिखाई तो दोनों ने जेब में रखे और सामान को दिखाने बारे कहा। युवक ने जेब में रखे करीब 32 हजार रुपये निकाल कर दिखाए तो दोनों ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से नकदी छीन ली व युवक को धक्का मारकर दोनों अपनी बाइक पर सवार हो फरार हो गए।
2. आरोपियों ने 10 अगस्त 2019 को थाना मॉडल टाउन क्षेत्र के अंतर्गत जैन चौक से थोड़ा आगे साइकिल सवार एक युवक से झपट्टा मारकर उसका पर्स छीनने की वारदात को अंजाम दिया। पर्स में 14 सौ रुपयों की नकदी थी।
3. आरोपियों ने 5 जुलाई 2019 को थाना मॉडल टाउन क्षेत्र के अंतर्गत अंध विद्यालय के पास एक महिला से झपट्टा मारकर पर्स छीनने की वारदात को अंजाम दिया। पर्स में 50 हजार रुपयों की नकदी थी।