थाना चांदनी बाग पुलिस ने महेंद्रा पिकअप से पांच क्विंटल मीट बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में कैराना के दो लोगों को काबू किया है। वे रमजान के दौरान कैराना से पानीपत मीट लेकर आए थे। पुलिस ने गाय का मांस होने की आशंका जताई थी। मांस भैंस का निकाला जिसे नष्ट कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना चांदनी बाग पुलिस ने रविवार को सूचना के आधार पर संजय चौक से एक महेंद्रा पिकअप गाड़ी को पकड़ा।
गाड़ी से पांच क्विंटल मांस बरामद किया और गाय का मांस होने के शक पर पशु चिकित्सकों को बुलाया। पशु चिकित्सकों ने जांच की तो मांस भैंस का निकला। पुलिस ने कैराना निवासी महराज व सलमान को पिकअप समेत काबू कर लिया। सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों की राय ली गई और एसडीएम पानीपत के संज्ञान में मामला लाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मांस को दबा देने के आदेश दिए।
पुलिस ने इसके बाद मांस ताजपुर नहर के पास दबा दिया। महराज व सलमान ने बताया कि वे यूपी के कैराना से पानीपत मीट लेकर आए थे। उनको यहां पर एक दरगाह के नजदीक मीट देना था। थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर रामकुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि दो लोग यूपी से पानीपत पिकअप में मांस लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने संजय चौक पर गाड़ी को पकड़ा और उसमें तलाशी के दौरान पांच क्विंटल मीट मिला। पुलिस ने कैरान निवासी महराज व सलमान को काबू कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।