आईजी रोहतक रेंज संजय कुमार ने कहा कि समाज से क्राइम पूरी तरह खत्म नहीं हो सकता। पुलिस क्राइम को कम कर सकती है। पिछले कुछ सालों से पुलिस ने क्राइम को कम करने में सफलता प्राप्त की है। आईजी ने यह बात शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित एसपी ऑफिस कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने यहां पुलिस अधिकारियों की मीटिंग लेकर उनकी समस्याओं को भी सुना।
आईजी ने पुलिस अधिकारियों को पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करने की सलाह दी।
आईजी ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने रोहतक रेंज के चारों जिलों का निरीक्षण किया। चारों जिलों की पुलिस पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम कर रही है। इसके परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद भी वारदात स्थल पर नहीं जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गोतस्करों की मदद करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की बात कही उन्होंने पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों का भी जायजा लिया।
चौकी और थानों में पूरी तैयारी, नहीं पहुंचे आईजी
आईजी के निरीक्षण की सूचना को लेकर थानों और चौकियों में कई दिनों से तैयारी चल रही थी। शुक्रवार को सभी चौकियां और थाने पूरी तरह चमके हुए थे। संतरी से प्रभारी तक सभी अलर्ट दिखे। आईजी के थानों का निरीक्षण करने की दिनभर चर्चा रही, लेकिन आईजी थानों और चौकियों में नहीं पहुंचे।