विकास नगर स्थित एनएफएल टाउनशिप को जाने वाली सड़क पर रविवार को एक कार ने सड़क किनारे जा रही दो बच्चियों को कुचल दिया। जिससे एक मासूम ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई और दूसरी 10 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। कार को एक महिला डॉक्टर चला रही। बताया जा रहा है कि महिला कार चलाना सीख रही थीं। हादसा होते ही महिला ने दोनों बच्च्यिों को कार में बैठाकर एक नीजि अस्पताल पहुंचाया जहां पर बच्ची को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद महिला बच्चियों को लेकर सामान्य अस्पताल पहुंची, जहां पर सूचना मिलने पर दोनों पक्ष के परिजन अस्पताल में पहुंचे। इस दौरान महिला डॉक्टर वहां से चली गई। वहीं थाना सेक्टर 29 पुलिस ने परिजनों के बयान पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों का सौंप दिया। पुलिस ने कार नंबर के साथ अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 304ए सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
घर से 50 मीटर दूर हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस को दी शिकायत में गणेश प्रसाद मूल रूप निवासी बैकरपुर जिला गोपाल गंज बिहार हाल किरायेदार गली नंबर एक, विकास नगर पानीपत ने बताया कि उसकी बेटी सुमित्रा का उसके पति रणजीत के साथ अनबन होने के कारण वो 7 माह से मायके ही रह रही है। सुमित्रा बड़े बेटे प्रेम (12), बेटी परी(05) व ढाई साल की बेटी तनुजा की मां है। तीनों में से बड़ा बेटा उसके पिता के साथ रहता है व दोनों बेटिया मां के साथ रहती है। गणेश ने बताया कि उनके यहां पर रिश्तेदार प्रदीप भी परिवार सहित रहते है। रविवार को प्रदीप की बेटी रानी(10) व तनुजा सुबह करीब सवा 9 बजे घर से 200 मीटर की दूरी से सब्जी लेने गए थे। दोनों रिश्ते में मौसी-भांजी है। सब्जी लेकर जब दोनों घर वापस लौट रही थी, तो घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर तनुजा ने रानी को कहा कि उसके मुंह में बाल जैसा कुछ आ गया है। जिसे निकालने के लिए दोनों सड़क किनारे कच्ची जमीन पर रूक गए। अभी दोनों को रूके हुए करीब 20 सैकेंड ही हुए थे, कि सामने से आ रही एक कार ने बच्चियों को टक्कर मार दी। जिस कारण तनुजा कार के पहियों के बीच आ गई और उसकी मौत हो गई। वहीं रानी दूर जाकर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
कार चलानी सीख रही थी डॉक्टर
सेक्टर 29 पीएचसी में कार्यरत रहे एक कर्मचारी ने बताया कि महिला डॉक्टर सिवाह पीएचसी में कार्यरत है और आयुवेदिक डॉक्टर है। उसको कार चलानी नहीं आती थी। शायद वो अभी कार चलाना सीख ही रही थी।
महिला की सास ने माफी मांगी तो, मृतका की मां बोली मेरी बेटी दे दो
बच्ची की दर्दनाक मौत के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद कार चालक महिला बच्ची को गोहाना रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बच्ची को आरोपी चालक महिला सामान्य अस्पताल ले गई। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर परिजन भी सामान्य अस्पताल पहुंचे। परिजनों की भीड़ जमा होते देख आरोपी चालक महिला मौके से कार सहित फरार हो गई। घटना के करीब 3 घंटे बाद आरोपी महिला की सास मासूम बच्ची के घर पहुंची। जहां पहुंच कर उसने मासूम के परिजनों से माफी मांगी। जिस पर रोती-बिलखती मासूम बच्ची की मां ने आरोपी की सास के आगे हाथ फैला कर उसकी बच्ची को वापस मांगा। परिजन आरोपी की सास पर भड़कने लगे तो वो मौके पा कर वहां से चली गई।
---
बच्ची के परिजनों के बयानों पर केस दर्ज कर लिया गया है। दर्ज मुकदमें में कार का नंबर भी है। अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि वो चालक महिला थी या पुरूष था। जांच जारी है। जल्द ही आरोपी को कार सहित गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- योगेश कटारिया, सेक्टर 29 थाना प्रभारी।