जीटी रोड की दिल्ली लेन पर होटल गोल्ड व मलिक पेट्रोल पंप के बीच करीब छह मीटर चौड़ी सड़क में क्रेक आ गई। यह क्रेक करीब 35 मीटर लंबाई तक की रही।
जिसके बाद जीटी रोड के एक बार फिर से धंसने का डर सताने लगा और अधिकारियों की धड़कन बढ़ गई। जीटी रोड में क्रेक आने और मरम्मत कार्य के दौरान करीब दो घंटे तक एक लेन से वाहनों को गुजारा गया।
इससे जीटी रोड पर बस स्टैंड तक जाम की स्थिति बनी रही। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे।
इससे पूर्व मार्च माह में दूसरी तरफ का करनाल लेन का जीटी रोड धंस गया था। जिसका कारण जनस्वास्थ्य विभाग का सीवरेज लीक होना पाया गया था।
एलएनटी ने सड़क की मरम्मत कार्य किया। जीटी रोड की दिल्ली लेन पर होटल गोल्ड से लेकर मलिक पेट्रोल पंप तक बुधवार सुबह अचानक क्रेक आ गई।
जीटी रोड के हिस्से में करीब छह मीटर चौड़ाई में करीब 35 मीटर लंबाई तक क्रेक पड़ गई। राहगीरों ने क्रेक देख एनएलटी को इसकी सूचना दी।
जिसके बाद एलएनटी अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए जीटी रोड के एक हिस्से से वाहनों का आगे गुजारा और आधे से ज्यादा हिस्से को बंद कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। एलएनटी की टीम ने यहां पर कई घंटे तक मरम्मत कार्य जारी रखा और उसके बाद ही रास्ते को पूरी तरह से खोला गया।
जीटी रोड पर बस स्टैंड तक लग गया जाम
जीटी रोड पर होटल गोल्ड के सामने क्रेक आने के बाद सबकी धड़कन बढ़ गई। एलएनटी के अधिकारी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सड़क मरम्मत कार्य शुरू किया।
जिसके चलते जीटी रोड पर बस स्टैंड तक जाम लग गया। वाहन चालकों को काफी मशक्कत के चलते अपने गंतव्य को जाने का रास्ता मिल सका। इस दौरान जीटी रोड की इस लेन के वाहन एक किनारे से निकाले गए। दो घंटे चलते मरम्मत कार्य के बाद काफी देर तक जाम बना रहा।
मार्च में धंस गया था जीटी रोड, कई माह रहे थे परेशान
हम बता दें कि 18 मार्च को जीटी रोड की करनाल लेन का एक बड़ा हिस्सा खादी आश्रम के नजदीक से धंस गया था। यहां जीटी रोड के धंसने का कारण जन स्वास्थ्य विभाग के लीक सीवर के निकले पानी था।
सीवर के पानी की वजह से मिट्टी कट गई थी। जिसके चलते एलीवेटिड हाईवे का एक पिलर भी धंस गया था। ऐसे में एलीवेटिड हाईवे के ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया था।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी मौका मुआयना किया था। यहां से सड़क ठीक होते ही कुछ दूर आगे व फिर गोहाना चौक पर दो जगह पर जीटी रोड धंस गया था। जिसके चलते जीटी रोड की करनाल लेन करीब छह माह तक बंद रही थी। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरे सीवर को बदलने के बाद ही जीटी रोड के यातायात को सुचारु किया गया था।
जीटी रोड में क्रेक आने की जानकारी लगी है। उनके एसडीई व जेई ने मौका मुआयना किया है। जीटी रोड की सड़क में दरार सीवरेज के चलते नहीं आई है। इसका कोई ओर कारण रहा होगा। उन्होंने गत जीटी रोड धंसने के बाद सीवर का काम पूरा करा लिया था।
एसएस लौहान, एक्सईएन, जन स्वास्थ्य विभाग पानीपत।
जीटी रोड स्थित गोल्ड होटल द्वारा पार्किंग की व्यवस्था की जा रही थी। वे ही कुछ काम कर रहे थे। एलएनटी द्वारा इस काम को रुकवा दिया गया है। एलएनटी द्वारा जीटी रोड की मरम्मत का कार्य सामान रूप से कराया गया है। यहां पर किसी तरह की क्रेक नहीं आई है।
एसके झा, ऑप्रेशन मैनेजर, एलएनटी पानीपत।