शहर के विकास नगर में गोवंश के मरा हुआ मिलने पर बवाल मच गया। गुस्साए लोगों ने स्थानीय लोगों ने चार-पांच लोगों पर गायों को मारने का आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस सूचना देने के तुरंत बाद पहुंच जाती तो आरोपियों को मौके पर ही दबोचा जा सकता था। गोरक्षा दल के पदाधिकारियों ने भी गायों की मौत पर चिंता और गुस्सा व्यक्त की। थाना चांदनी बाग प्रभारी ने आक्रोशित लोगों को शांत किया और पशु चिकित्सकों से गोवंश का पोस्टमार्टम कराया। इसमें गोवंश की मौत निमोनिया से होने का पता चला।
मामला थाना चांदनी बाग के अंतर्गत विकास नगर में वीरवार सुबह का है। कॉलोनी की नंबर तीन में वीरवार सुबह एक गाय मृत व एक बछड़ा घायल अवस्था में मिला। कुछ ही देर में कॉलोनीवासी इकट्ठा हो गए। इसकी सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद मंजू कादियान के पति रामचंद्र कादियान पहुंच गए। लोगों ने गोवंश की मौत पर हंगामा करना शुरू कर दिया। लोगों के हंगामे की सूचना पर थाना चांदनी बाग प्रभारी रामकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस पर लगाए देरी से पहुंचने के आरोप
कॉलोनीवासियों ने पुलिस पर सूचना देने के बाद भी देरी से पहुंचने के आरोप लगाए। लोगों का कहना है कि उन्होंने इस बारे में उसी वक्त किशनपुरा चौकी पुलिस को फोन कर सूचित कर दिया था, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। वीरवार सुबह घटना की सूचना पर गोरक्षा दल के सदस्य भी पहुंचे।
आरोपी दो दिन से कर रहे थे रेकी
विकास नगर निवासी बिजेंद्र समेत अन्य लोगों ने कहा कि आरोपी दो दिन से गायों की रेकी कर रहे थे और उन्होंने पूरे मामले को समझने के बाद गायों को गाड़ियों में लोड कर ले जाने का प्रयास किया। गाय की गाड़ी में चढ़ाने के दौरान मौत हो गई और उसके बछड़े को भी चोट आई है। रात को आहट पाकर उन्होंने बाहर झांका दो चार-पांच लोगों को गोवंश को गाड़ी में चढ़ाते देखा। पुलिस को फोन किया गया लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। कॉलोनीवासियों ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे अनाज मंडी से होकर जीटी रोड की तरफ से भाग निकले।
पशु चिकित्सकों ने निमोनिया से मौत होना बताया
पुलिस की मांग पर पशुपालन विभाग के वीएस डॉ. राजपाल की देखरेख में गोवंश का पोस्टमार्टम हुआ। डॉ. राजपाल ने बताया कि गोवंश की मौत निमोनिया से होनी पाई गई है। पशु के ठंड में बाहर रहने से अकसर निमोनिया हो जाता है और समय पर इलाज न मिल पाने पर पशु की मौत भी हो जाती है।
वर्जन
थाना क्षेत्र के विकास नगर के लोगों ने गोवंश को मारने की सूचना दी थी। वे सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे। पोस्टमार्टम में गोवंश की मौत निमोनिया से होने का पता चला। गोवंश के शवों को दबा दिया गया है।
रामकुमार,प्रभारी, थाना चांदनी बाग पानीपत।