पानीपत। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है। इसके तहत नगर निगम शहर में महिलाओं के लिए दो पिंक और किन्नरों के लिए दो स्पेशल टॉयलेट बनवाने जा रहा है। नगर निगम पानीपत का ये प्रोजेक्ट प्रदेश भर का पहला प्रोजेक्ट होगा। जिसकी निगम पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरुआत करने जा रहा है। इसका प्लान तैयार हो चुका है।
इस प्लान के अंतर्गत महिलाओं के लिए ये पिंक टॉयलेट शहर के मुख्य बाजारों के पास बनाए जाएंगे। जबकि किन्नरों के लिए अलग से दो टॉयलेट बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के पास बनाए जाएंगे। जगह फाइनल होने के बाद प्रति टॉयलेट शीट के हिसाब से इनका एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। जिसके बाद इनके निर्माण का टेंडर लगाकर इनको बनवाया जाएगा।
महिलाओं के शौचालयों की खास बात ये रहेगी कि इनमें महिलाओं के लिए निशुल्क सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाई जाएगी। इसके साथ पेड डिस्पोजल मशीन भी बनाई जाएगी। इसके साथ शौचालय में साबुन, सैनिटाइजर से लेकर सफाई तक का विशेष ध्यान रखा जाएगा। शौचालय के बाहर महिला कर्मचारियों की ड़्यूटी तक लगाई जाएगी। वहीं, किन्नरों के टॉयलेट में भी सभी प्रकार की सुविधा दी जाएंगी। निगम अधिकारियों का कहना है कि ये टॉयलेट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किए जाएंगे जो पानीपत की पहचान को प्रदेश तक ले जा सकें। इनमें निर्माण सामग्री से लेकर लगाए जाने वाले उपकरण बेहतरीन क्वालिटी के होंगे।
पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर करेंगे काम- सीटीएल
नगर निगम स्वच्छ भारत मिशन की टीम लीडर कविता कादियान ने बताया कि निगम का ये प्रोजेक्ट शहर की महिलाओं के लिए सौगात होगा। अब तक शहर तो दूर प्रदेश भर में महिलाओं के लिए अलग से शौचालय नहीं है। निगम इसकी शुरुआत पायलेट बेस पर करने जा रहा है। खास तौर पर शहर के बाजारों में महिलाओं के लिए कहीं भी शौचायल नहीं है। इसलिए यहां जगह तलाशी जा रही है। वहीं, किन्नरों के लिए भी अलग से शौचालय बनाना निगम की एक सार्थक पहल को दर्शाता है।