- अब भी तीन लोगों का कोरोना टीकाकरण का कोर्स अधूरा, अब तक 8.64 लाख लोगों को कोरोना टीके की दोनों खुराक लगी है
- सिविल सर्जन दो बार भेज चुके हैं वैक्सीन की डिमांड, नहीं मिल रही
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। कोरोना का खतरा लगातार बढ़ रहा है। अब कोरोना पॉजिटिविटी दर 10 प्रतिशत से अधिक है। स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण को रोकने में लाचार साबित हो रहा है। सिविल अस्पताल में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित नहीं किया जा रहा। विभाग के पास दो माह से कोरोना की वैक्सीन नहीं है। विभाग की ओर से दो बार मुख्यालय डिमांड भेजी जा चुकी है। हर रोज 15-20 लोग बिना वैक्सीन लगवाएं घर लौट जाते हैं।
जिले में 3.02 लाख ऐसे लोग हैं जिन्होंने कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगवाई। 1167308 लोगों ने कोरोना टीकाकरण की पहली डोज लगवाई है। 864498 लोगों ने दोनों डोज लगवाई है। मात्र 69937 लोगों ने बूस्टर डोज लगवाई है। 8609 हेल्थ वर्कर में से महज 2991 कर्मचारियों ने ही बुस्टर डोज लगवाई है। 55-70 प्रतिशत किशोरों व बच्चों का ही टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण में पानीपत काफी फिसड्डी साबित हुआ है। प्रदेश में टीकाकरण में पानीपत 10 वे स्थान पर है।
अप्रैल में कोरोना के केस में हुई एकाएक बढ़ोतरी से इसको कोरोना की चौथी लहर माना जा रहा है।
मंगलवार को भी कोरोना के 14 केस मिले हैं। पिछले तीन दिन में कोरोना के 66 केस मिल चुके हैं। मंगलवार को गांव नवादा पार , देशराज कॉलोनी में दो, गांव जौंधन कलां, सीआईएसएफ कॉम्पलेक्स, मॉडल टाउन, गांव सौंधापुर, गांव जौरासी खालसा, गांव खोजगीपुर, अंसल सिटी, आजाद नगर, चावला कॉलोनी, वधावाराम कॉलोनी व नूरवाला में केस मिले हैं। नए मिले सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अब सैंपलिंग दोगुना कर दी है। मंगलवार को 322 लोगों की कोविड जांच हुई है। बुधवार को इन सैंपल की रिपोर्ट आएगी। वहीं दूसरी ओर सामुदायिक केंद्रों में 10-10 बेड के आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिए गए हैं।
सिविल अस्पताल में बिना मास्क वालों की एंट्री पूर्ण रूप से बंद कर दी गई है। डॉक्टरों व स्टाफ को मास्क इस्तेमाल के कड़े निर्देश भी दिए हैं। सिविल सर्जन ने कोरोना से निपटने के लिए मास्क, पीपीपी किट, ऑक्सीजन सिलिंडर व दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित के निर्देश दिए हैं। सिविल अस्पताल में वेंटिलेटर व आईसीयू को भी एक्टिवेट किया गया है। कोरोना सैंपलिंग बढ़ाई जा रही है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के पास एक हजार पीपी किट, 10 हजार मास्क व दस्ताने हैं। सिविल अस्पताल में 34 ऑक्सीजन सिलिंडर, 29 वेंटिलेटर, 56 ऑक्सीजन कंसट्रेटर व 12 थर्मल स्कैनर हैं। निजी अस्पतालों में पांच मेडिकल ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक, 311 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 1020 ऑक्सीमीटर, 215 नेबुलाइजर, 69 वेंटिलेटर, 206 आईसीयू बेड व 606 ऑक्सीजन बेड है।
बॉक्स
जिले में कोरोना रोगियों का आंकड़ा-
सोमवार को 317 लोगों की सैंपलिंग हुई है। जिले में अब तक 577465 लोगों ने कोविड जांच कराई है। जिले में अब तक 36981 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 682 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
बॉक्स
वैक्सीन की डिमांड भेजी गई है - सिविल सर्जन
कोरोना का खतरा लगातार बढ़ रहा है। लोगों से अपील है कि कोविड नियमों का पालन करें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें। अस्पताल में आने से पहले मास्क लगाएं। वैक्सीन की डिमांड भेजी गई है। जैसे ही वैक्सीन मिलेगी टीकाकरण शुरू करेंगे।
डॉ. जयंत आहूजा, सिविल सर्जन पानीपत।