पानीपत। बिजली निगम कार्यालय में उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान न होने पर उन्हें चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। उपभोक्ताओं के कई बार अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद भी कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। उपभोक्ताओं की बिजली बिल ज्यादा और नए कनेक्शन को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें आ रही हैं, जिनका समाधान नहीं होने पर वह कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर हैं। माह में एक बार बिजली निगम मुख्यालय के अधिकारियों द्वारा खुले दरबार में भी शिकायत सुनीं जाती है, इसके बाद भी उपभोक्ता बिजली निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
संजय कॉलोनी वासी रविंद्र कुमार ने बताया कि पहले उनके पिता के नाम पर बिजली कनेक्शन था। पिछले चार महीने पहले उनकी बीमारी के कारण मौत हो गई है, जिसके बाद बिजली कर्मचारियों द्वारा उनका बिजली कनेक्शन काट दिया गया। वह कनेक्शन अपने नाम पर लेने के लिए पिछले चार महीने से चक्कर काट रहे है लेकिन कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।
किशनपुरा निवासी सुदेश ने बताया कि उनके घर पर पिछले कई वर्षों से केवल एक हजार बिजली बिल आता है, लेकिन दो महीने पहले बिजली निगम कर्मचारियों द्वारा उनके घर पर 15 हजार रुपये का बिजली बिल भेजा गया है, जिसके समाधान के लिए वह पिछले कई दिनों से बिजली निगम कार्यालय के चक्कर काट रही है लेकिन कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।
बिजली निगम कार्यालय में उपभोक्ताओं की शिकायत के समाधान के लिए अलग से टीम का गठन किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो। कार्यालय में आने वाली शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
- धर्म सुहाग, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम।
बिजली निगम कार्यालय। संवाद