सनौली रोड पर अधर में अटका सड़क निर्माण कार्य। संवाद
सनौली। पुराना हरिद्वार रोड को शहर के संजय चौक से लेकर कुराड़ फार्म तक करीब दस किलोमीटर के क्षेत्र में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से एचएसआरडीसी द्वारा फोर लेन बनाया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य शुरू हुए करीब दो वर्ष पूरा हो चुका है लेकिन अभी भी छाजपुर गांव, ड्रेन नंबर-दो के पुल निर्माण व सड़क के दोनों ओर कई स्थानों पर रोड पूरा नहीं बन पाया है। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले यही हाइवे हुआ करता था लेकिन सिवाह गांव से लेकर एक नए नेशनल हाईवे 709 एडी चालू हो गया तो इस रोड को एनएचएआई ने हरियाणा राज्य को सौंप दिया गया था। इस रोड को अब एचएसआरडीसी द्वारा ही फोर लेन बनाया जा रहा है। फोर लेन निर्माण कार्य की गति धीमी होने से कई दर्जन गांवों के लोगों में रोष बना हुआ है। सरपंच संजय त्यागी, रिसपुर के सरपंच राजदीप, रामडा-आर के सरपंच प्रदीप कश्यप, यमुना सुधार समिति प्रदेशाध्यक्ष रत्तन सिंह रावल ने बताया कि एचएसआरडीसी द्वारा इस रोड के बनाने का कार्य करीब दो साल से किया जा रहा है लेकिन आज तक भी बन कर पुरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस रोड के बचे हुए निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए जिससे लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।